संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट उत्तर कुंजी जारी, 18 अगस्त तक आपत्ति दर्ज कराने का मौका

New Delhi, 16 अगस्त . नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा की अनंतिम उत्तर कुंजी जारी कर दी है. परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब अपनी उत्तर कुंजी और दर्ज किए गए उत्तरों की जांच कर सकते हैं. किसी प्रश्न के उत्तर को लेकर आपत्ति होने पर उम्मीदवार निर्धारित समय के भीतर आपत्ति भी दर्ज करा सकते हैं.

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने उत्तर कुंजी को चुनौती देने के लिए 16 से 18 अगस्त रात 11 बजे तक का समय निर्धारित किया है. एजेंसी ने उम्मीदवारों को यह सलाह दी है कि वे तय अवधि के दौरान आधिकारिक परीक्षा पोर्टल पर जाकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराएं. यानी अब इस परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अपने प्रश्नपत्र में दिए गए उत्तरों और अनंतिम उत्तर कुंजी में दिए गए सही उत्तरों का मिलान कर सकते हैं.

यदि किसी प्रश्न के उत्तर को लेकर उन्हें लगता है कि उत्तर कुंजी में गलती है, तो वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उस प्रश्न को चुनौती दे सकते हैं. आपत्ति दर्ज करने से पहले उम्मीदवारों को संबंधित प्रश्न, अपने द्वारा चुने गए उत्तर और उत्तर कुंजी में दिए गए उत्तर की सावधानीपूर्वक जांच करनी चाहिए. एजेंसी के मुताबिक, उत्तर कुंजी को लेकर चुनौती की 18 अगस्त रात 11 बजे के बाद उपलब्ध नहीं रहेगी.

इसके साथ ही शिक्षाविदों का कहना है कि उम्मीदवारों को अंतिम समय का इंतजार नहीं करना चाहिए, क्योंकि अंतिम समय में वेबसाइट पर अधिक दबाव के कारण तकनीकी परेशानी हो सकती है. उम्मीदवारों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी परिस्थिति में आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी.

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने छात्रों से कहा है कि वे केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें. एजेंसी ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे उत्तर कुंजी, आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया और परीक्षा से संबंधित अन्य जानकारी के लिए केवल राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. यहां मौजूद आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें.

एजेंसी की वेबसाइट पर परीक्षा से जुड़ी नवीनतम सूचनाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं. यूजीसी-नेट के माध्यम से अभ्यर्थियों की सहायक प्रोफेसर के लिए पात्रता और कनिष्ठ अनुसंधान अध्येता के लिए पात्रता निर्धारित की जाती है. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के अनुसार, परीक्षा के लिए पात्रता और अन्य नियम संबंधित अधिसूचनाओं के अनुसार लागू होते हैं.

जीसीबी/एएस