
New Delhi, 28 अप्रैल . पिछले सीजन 18 साल का सूखा खत्म करने के बाद आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स Bengaluru (आरसीबी) का शानदार सफर आईपीएल 2026 में भी जारी है. आरसीबी के खेमे में यूं तो मैच विनर्स की भरमार है, लेकिन एक गेंदबाज निरंतरता के साथ आरसीबी के लिए छुपा रुस्तम मैच विनर साबित हो रहा है. यह गेंदबाज कोई और नहीं, बल्कि अपनी घूमती गेंदों से बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली बन चुके सुयश शर्मा हैं.
आरसीबी के लिए सुयश शर्मा गेंद से पिछले सीजन से जो भूमिका निभाते आ रहे हैं, वो शायद आपको उनके आंकड़ों में बेशक न दिखाई दे, लेकिन टीम की कामयाबी में उनका असर बहुत बड़ा रहा है. आईपीएल 2025 में सुयश ने 14 मुकाबलों में 8 विकेट निकाले थे और उनका इकोनॉमी 8.84 का रहा था. सुयश पिछले सीजन बीच के ओवरों में आकर एकदम से रनों पर अंकुश लगा दे रहे थे, जिससे बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ता चला जाता था.
सुयश की किफायती गेंदबाजी का फायदा अन्य गेंदबाजों को मिला था. किफायती गेंदबाजी के साथ आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार सुयश का इस्तेमाल हर बार साझेदारी का अंत करने के लिए करते थे. सुयश भी कप्तान की उम्मीदों पर पिछले सीजन हर बार खरे उतरे थे. आरसीबी के लिए सुयश ने जो काम पिछले सीजन किया था, वही काम वह आईपीएल 2026 में कर रहे हैं.
7 मुकाबलों में सुयश 6 विकेट निकाल चुके हैं और उनका इकोनॉमी 7.84 का रहा है. आईपीएल के इस सीजन में युजवेंद्र चहल का इकोनॉमी 9.76, राशिद खान का इकोनॉमी 8.79 और रवि बिश्नोई का इकोनॉमी 9.54 रहा है. स्टार और अनुभवी स्पिनर्स का यह हाल बयां कर रहा है कि आईपीएल 2026 में स्पिन गेंदबाजों की खूब धुनाई हुई है. ऐसे में सुयश का यह प्रदर्शन यकीनन तारीफ के काबिल है.
27 अप्रैल, 2026 को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सुयश ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 7 रन खर्च किए और एक विकेट निकाला. 24 गेंदों के स्पेल में से 20 गेंदें सुयश ने डॉट फेंकी. वह आईपीएल इतिहास में बतौर स्पिन गेंदबाज एक स्पेल में 20 डॉट गेंदें डालने वाले पहले गेंदबाज हैं. इससे पहले यह कारनामा सिर्फ दीपक चाहर ने किया है. उन्होंने 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 4 ओवर के स्पेल में 20 गेंदें डॉट डाली थीं.
सुयश लगातार दूसरे सीजन बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हो रहे हैं. बीच के ओवरों में रनों पर लगाम लगाने की उनकी काबिलियत आरसीबी के लिए जीत की चाबी बन रही है. आरसीबी के शानदार प्रदर्शन में भले ही सुयश का जिक्र कम हो रहा हो, लेकिन वह लगभग हर मुकाबले में टीम के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो रहे हैं.
–
एसएम/पीएम
Skip to content