‘इंडियन आइडल 16’ की विजेता ज्योतिर्मयी ने बांधे अरिजीत सिंह की तारीफों के पुल, बोलीं-‘उनकी आवाज सुकून देती है’

Mumbai , 27 जुलाई . ‘इंडियन आइडल 16’ की विजेता ज्योतिर्मयी नायक इन दिनों अपनी गायकी और संगीत के सफर को लेकर चर्चा में हैं. इस कड़ी में उन्होंने Bollywood के मशहूर प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह को लेकर अपनी भावनाएं साझा की. ज्योतिर्मयी ने अरिजीत की गायकी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी आवाज लोगों को सुकून देती है. उन्होंने बताया कि उनका सपना है कि वह आने वाले समय में अरिजीत सिंह और दिग्गज गायिका श्रेया घोषाल के साथ गाना गाएं.

ज्योतिर्मयी नायक ने अरिजीत सिंह के संगीत और उनकी लोकप्रियता को लेकर अपने विचार साझा किए. उन्होंने कहा, ”अरिजीत सिंह की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह अपने गानों में सिर्फ सुर नहीं लगाते बल्कि उसमें भावनाएं भी भर देते हैं, जिसे सुनकर लोग खुद को उससे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं. उनकी आवाज लोगों को सुकून देती है. उनके गानों में एक अलग आत्मा होती है.”

उन्होंने कहा, ”म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए यह गर्व की बात है कि उन्हें अरिजीत सिंह जैसे कलाकार मिले हैं, जो लगातार बेहतरीन संगीत दे रहे हैं और लोगों के दिलों तक पहुंच रहे हैं. उनकी गायकी में जो भावनाएं हैं, वही उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती हैं.”

इसके साथ ही ज्योतिर्मयी नायक ने अपने एक बड़े सपने का खुलासा करते हुए बताया, ”मैं आने वाले समय में अरिजीत सिंह और मशहूर गायिका श्रेया घोषाल के साथ काम करना चाहती हूं. दोनों कलाकारों के साथ गाना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा होगा. मैं चाहती हूं कि मुझे भविष्य में उनके साथ काम करने का मौका मिले. मुझे विश्वास है कि एक दिन यह सपना जरूर पूरा होगा.”

अरिजीत सिंह के बारे में बात करें तो वह भारतीय संगीत जगत के सबसे लोकप्रिय गायकों में शामिल हैं. उन्होंने अपने करियर में कई ऐसे गाने दिए हैं, जो आज भी लोगों की पसंदीदा बने हुए हैं. ‘तुम ही हो’, ‘चन्ना मेरेया’, ‘केसरिया’, ‘अगर तुम साथ हो’, ‘लाल इश्क’, ‘फिर ले आया दिल’, ‘ऐ दिल है मुश्किल’, ‘सोच ना सके’ और ‘सतरंगा’ जैसे गानों ने उन्हें दुनियाभर में पहचान दिलाई.

पीके/पीएम