
Mumbai , 7 दिसंबर . सलमान खान के पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ अपने रोमांचक सफर के अंत की ओर पहुंच गया है. इस बार के सीजन ने दर्शकों को हंसाया, रुलाया और रोमांच के कई पल दिए. अब फाइनल की घड़ी आ गई है और टॉप-5 कंटेस्टेंट्स में से कोई एक विजेता बनेगा. फाइनल में जगह बनाने वाले कंटेस्टेंट्स में गौरव खन्ना, तान्या मित्तल, प्रणीत मोरे, फरहाना भट्ट और अमाल मलिक शामिल हैं.
इन पांचों नामों पर सबसे ज्यादा दर्शकों की नजरें अमाल मलिक पर टिकी हुई हैं.
अमाल मलिक का जन्म 16 जून 1990 को Mumbai में हुआ. वे संगीत के एक प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखते हैं. उनके पिता डब्बू मलिक और दादा सरदार मलिक दोनों ही नामी संगीतकार रहे हैं. अमाल के छोटे भाई अरमान मलिक भी संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके हैं.
इसके अलावा, उनके चाचा अनु मलिक भी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय से सक्रिय हैं. इस परिवार में जन्मे अमाल के भीतर बचपन से ही संगीत के प्रति गहरी रुचि थी. महज आठ साल की उम्र से उन्होंने पियानो सीखना शुरू किया और बाद में लंदन से वेस्टर्न क्लासिकल, जैज और रॉक म्यूजिक की ट्रेनिंग हासिल की.
अमाल मलिक ने अपने करियर की शुरुआत 2014 में सलमान खान की फिल्म ‘जय हो’ से की. इसके बाद उन्होंने कई बड़ी फिल्मों में म्यूजिक दिया, जिनमें ‘कबीर सिंह’, ‘दे दे प्यार दे’, ‘साइना’, ‘भूल भुलैया 3’, ‘वेदा’, ‘बागी’, और ‘एयरलिफ्ट’ जैसी हिट फिल्में शामिल हैं. उनके गाने जैसे ‘कौन तुझे’, ‘मैं रहूं या ना रहूं’, और ‘चले आना’ ने दर्शकों के दिलों में जगह बनाई और उन्हें इंडस्ट्री में एक मजबूत पहचान दिलाई.
अपने करियर के दौरान अमाल मलिक को कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं, जिनमें फिल्मफेयर और आईफा अवॉर्ड्स शामिल हैं.
‘बिग बॉस 19’ में अमाल मलिक की एंट्री ने शो को नई एनर्जी दी. शुरुआत में उनकी इमेज थोड़ी एरोगेंट और रूड नजर आई, जिसके कारण कुछ कंटेस्टेंट्स के साथ उनके रिश्ते थोड़े तनावपूर्ण बने. ‘वीकेंड के वार’ के दौरान सलमान खान ने कई बार उनकी क्लास भी लगाई और कई मौकों पर चेतावनी भी दी. लेकिन समय के साथ अमाल ने अपने व्यवहार में बदलाव किया. उन्होंने दूसरों से सुलह की कोशिश की और टास्क को पूरे जज्बे के साथ पूरा किया. इस बदलाव को दर्शकों ने भी नोट किया और उनकी लोकप्रियता में बढ़ोतरी देखी गई.
शो में उनके गेम की खास बात यह रही कि वह न केवल अपनी स्ट्रेटेजी और स्मार्ट खेल के लिए जाने गए, बल्कि अपनी स्पष्ट और बेबाक राय के लिए भी चर्चाओं में बने रहे. नेपोटिज्म पर बहस के दौरान उन्होंने अपने पिता डब्बू मलिक को लेकर विवादित बयान दिया, जिसे लेकर social media पर काफी चर्चा हुई. इसके बावजूद, उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास, और खेल भावना ने उन्हें दर्शकों का लोकप्रिय कंटेस्टेंट बना दिया.
इस सीजन में पांचों फाइनलिस्ट्स का खेल अलग था, लेकिन अमाल ने गेम में सभी का दिल जीत लिया. social media पर कई फैंस उन्हें इस सीजन की ट्रॉफी का हकदार मानते हैं.
–
पीके/एबीएम
Skip to content