गाजियाबाद : ट्रांसफॉर्मर में लगी भीषण आग, 2 किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें; कई दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

गाजियाबाद, 30 जून . उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के दिल्ली सीमा से सटे खोड़ा क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी में Monday -Tuesday मध्यरात्रि 12 बजकर 35 मिनट पर एक ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग पास से गुजर रही बिजली की केबलों में फैल गई. आग इतनी तेज थी कि उसकी ऊंची-ऊंची लपटें करीब 2 किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रही थीं.

घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग तुरंत हरकत में आया. शुरुआत में करीब आधा दर्जन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. इसके अलावा आसपास के फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए. Police और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.

घटना को लेकर फायर अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि फायर कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि शिव मंदिर वाली गली, आदर्श नगर, खोड़ा गांव में एक ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई है. सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियों को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया.

उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचने के बाद जानकारी मिली कि ट्रांसफॉर्मर के पास रखे डीजल के कुछ ड्रम भी आग की चपेट में आ गए थे. इससे आग के आसपास के मकानों तक फैलने का खतरा बढ़ गया था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दो अतिरिक्त दमकल गाड़ियां और संकरी गलियों में आसानी से पहुंचने वाली फायर क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल को भी तुरंत मौके पर भेजा गया.

वहीं, गाजियाबाद फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज ने social media प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि शिव मंदिर वाली गली, आदर्श नगर, खोड़ा कॉलोनी में लगी आग पर फायर सर्विस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी तरह काबू पा लिया. विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरी घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.

एएस