अंबाला के तोपखाना इलाके में पीलिया बेकाबू, बच्ची की मौत के बाद अलर्ट मोड में आया स्वास्थ्य विभाग

अंबाला, 21 मई . Haryana के अंबाला स्थित तोपखाना इलाके में पीलिया (जॉन्डिस) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है. इलाके में एक 12 वर्षीय बच्ची की मौत के बाद अब तक करीब 20 लोग पीलिया की चपेट में आ चुके हैं. जान गंवाने वाली बच्ची की पहचान मन्नत के रूप में हुई है.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से उन्हें गंदा और दूषित पानी मिल रहा है, जिसकी वजह से लोग लगातार बीमार पड़ रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी के सैंपल लिए हैं और स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर लोगों की जांच शुरू कर दी है. साथ ही लोगों को साफ पानी इस्तेमाल करने और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है.

जांच शिविर में मौजूद अंबाला स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर सुनील हरि ने बताया कि विभाग पूरी तरह से सतर्क है. लोगों की जांच की जा रही है और जगह-जगह से पानी के सैंपल लिए जा रहे हैं. उन्होंने लोगों को हिदायत दी कि पानी का इस्तेमाल साफ तरीके से करें और बाहर से आई हुई बर्फ का इस्तेमाल सिर्फ चीजें ठंडा करने के लिए करें. सभी सीएचसी और पीएचसी को आदेश दिए गए हैं कि यदि किसी इलाके में पीलिया के 5 मामले आते हैं तो पूरे इलाके के पानी के सैंपल लिए जाएं.

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच शिविर लगाए जा रहे हैं. लोगों का ब्लड टेस्ट, एक्सरे किया जा रहा है और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं. शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग और अन्य विभाग मिलकर काम कर रहे हैं. इस इलाके में अब तक 20 मामले सामने आए हैं.

पूर्व पार्षद राजकुमार ने कहा कि पीलिया के काफी मामले आए हैं. हाल ही में एक बच्ची की मौत हो गई. लगातार मामले बढ़ने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है और सभी विभाग मुस्तैदी से काम कर रहे हैं.

उन्होंने अपने स्तर पर लोगों को जागरूक किया और कहा कि यहां शिविर लगाया गया है, जिसमें लोगों का ब्लड टेस्ट कराया जा रहा है. पानी में क्लोरीन भी डलवाया जा रहा है. लोगों से अपील की जा रही है कि पानी को अच्छी तरह उबालकर और छानकर ही पिएं.

स्थानीय निवासी जगजीत कौर ने कहा कि पिछले काफी समय से पानी की समस्या आ रही है. काला और गंदा पानी आ रहा है, हालांकि प्रशासन की मुस्तैदी के बाद से दो-चार दिन से पानी की स्थिति ठीक है, लेकिन समस्या बनी हुई है. मेरे 11 साल के बच्चे को भी दिक्कत हुई है. पड़ोस में 11 साल की बच्ची की मौत हो गई. स्वास्थ्य विभाग की टीम आ रही है और सब चीजों की जांच कर रही है.

डीकेएम/