‘स्कैम 2010’ में दिखेगी भारत के बड़े कारोबारी साम्राज्य की कहानी : हंसल मेहता

Mumbai , 12 अगस्त . भारतीय ओटीटी की दुनिया में ‘स्कैम’ फ्रेंचाइजी ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है. साल 2020 में आई ‘स्कैम 1992’ ने शेयर बाजार और हर्षद मेहता की कहानी को जिस अंदाज में पर्दे पर पेश किया, उसने दर्शकों के बीच इस फ्रेंचाइजी को खास जगह दिलाई.

अब इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए मेकर्स ‘स्कैम 2010’ लेकर आ रहे हैं. इस बार कहानी एक बड़े कारोबारी साम्राज्य के बनने, उसके पीछे की महत्वाकांक्षा और फिर उसी सफलता के बीच पैदा हुए अहंकार पर केंद्रित होगी. नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर हंसल मेहता एक बार फिर इस फ्रेंचाइजी के निर्देशन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

हंसल मेहता ने इस सीरीज को लेकर कई अहम बातें साझा की हैं. उन्होंने कहा, ”यह सीरीज केवल किसी कारोबारी सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि इसके जरिए महत्वाकांक्षा, ताकत, प्रभाव और सफलता के बाद आने वाले अहंकार को समझने की कोशिश की गई है. कहानी यह भी दिखाएगी कि जब किसी व्यक्ति को अपनी बनाई हुई दुनिया पर जरूरत से ज्यादा भरोसा होने लगे तो हालात किस तरह बदल सकते हैं.”

‘स्कैम 2010’ में मुख्य भूमिका सिद्धार्थ बोडके निभा रहे हैं. उन्होंने अपने किरदार को लेकर उत्साह जाहिर करते हुए कहा कि इस भूमिका की सबसे खास बात उसका जटिल व्यक्तित्व है. किरदार में जुनून, ताकत, कमियां, सफलता और आखिर में पतन जैसे कई अलग-अलग पहलू हैं, जिसकी वजह से इसे निभाना उनके लिए बेहद दिलचस्प अनुभव रहा.

सिद्धार्थ बोडके ने कहा, “जिस चीज ने मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित किया, वह है मेरे किरदार का व्यक्तित्व. इस किरदार को निभाना मेरे लिए काफी दिलचस्प था. यह अनुभव बेहद रोमांचक रहा, और हंसल मेहता जैसे निर्देशक के मार्गदर्शन में ऐसे परतदार किरदार को निभाने का मौका मुझे बहुत पसंद आया.”

वहीं, अप्लॉज एंटरटेनमेंट के चीफ कंटेंट ऑफिसर दीपक सहगल ने ‘स्कैम’ फ्रेंचाइजी को लेकर कंपनी की सोच और जिम्मेदारी के बारे में बात की. उन्होंने कहा, “स्कैम हमारे लिए अब सिर्फ एक फ्रेंचाइजी से कहीं ज्यादा बन चुका है. इसकी सफलता के साथ बहुत बड़ी जिम्मेदारी आती है, क्योंकि हम इस बात को लेकर बेहद सजग हैं कि लोगों को हमसे कितनी उम्मीदें हैं. ‘स्कैम 1992’ ऐसे समय में आई थी, जब India का स्ट्रीमिंग सिस्टम अभी अपनी आवाज तलाश रहा था. इसके बाद यह सबसे पसंद की गई और सांस्कृतिक रूप से प्रभाव डालने वाली सीरीज में से एक बन गई.”

उन्होंने कहा, ”स्कैम 1992 की सफलता ने हमें एक साधारण लेकिन मजबूत विचार के आधार पर एंथोलॉजी बनाने का भरोसा दिया. India का इतिहास ऐसी असाधारण कहानियों से भरा हुआ है, जहां महत्वाकांक्षा, पैसा, ताकत और इंसानी स्वभाव एक-दूसरे से टकराते हैं. स्कैम 2010 के साथ हम इस महत्वाकांक्षा को और आगे ले जा रहे हैं.”

दीपक सहगल ने हंसल मेहता की वापसी को सीरीज के लिए खास बताया. उन्होंने कहा, ”हंसल शुरुआत से ही ‘स्कैम’ की पहचान का अहम हिस्सा रहे हैं. वह जटिल वास्तविक घटनाओं को आम इंसानों की भावनाओं और निजी संघर्षों से जोड़कर पेश करने में माहिर हैं. यही वजह है कि उनकी वापसी से ‘स्कैम 2010’ को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं.”

फिलहाल ‘स्कैम 2010’ की शूटिंग चल रही है. नेशनल अवॉर्ड विजेता हंसल मेहता के निर्देशन में बन रही इस सीरीज का निर्माण बिड़ला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट मिलकर कर रहे हैं. सीरीज जल्द ही सोनी लिव पर स्ट्रीम की जाएगी.

पीके/एएस