वंदे मातरम बिल पर हाजी ताहिर का समर्थन, बोले- देश के कानून का पालन करना हर नागरिक का कर्तव्य

आगरा, 20 जुलाई . प्रस्तावित ‘वंदे मातरम बिल’ को लेकर देशभर में जारी चर्चाओं के बीच खुद्दाम-ए-रोजा ताजमहल उर्स कमेटी के अध्यक्ष हाजी ताहिर उद्दीन ताहिर ने इसका समर्थन करते हुए कहा है कि किसी भी नागरिक का कर्तव्य केवल अपने धर्म की शिक्षाओं का पालन करना ही नहीं, बल्कि जिस देश में वह रहता है, वहां के कानूनों का सम्मान करना और उनका पालन करना भी है.

उन्होंने कहा कि यदि संसद कोई कानून पारित करती है तो उसका पालन सभी नागरिकों को करना चाहिए.

हाजी ताहिर उद्दीन ताहिर ने समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि ‘वंदे मातरम बिल’ पर किसी तरह की आपत्ति नहीं होनी चाहिए. विशेष रूप से मुस्लिम समाज से अपील करते हुए उन्‍होंने कहा कि यदि वे पैगंबर मुहम्मद की शिक्षाओं का अनुसरण करते हैं तो इस तरह के कानून का विरोध करने का कोई कारण नहीं बनता. इस्लाम लोगों को अपने धर्म का पालन करने के साथ-साथ उस देश के कानूनों का सम्मान करना भी सिखाता है, जहां वे निवास करते हैं.

उन्होंने कहा कि बिल कैसा भी हो, उसका स्वागत किया जाना चाहिए. यह Government और संसद का अधिकार है कि वह किसी विधेयक को पारित करे या नहीं, लेकिन यदि कोई कानून बनता है तो उसका पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. पैगंबर मुहम्मद की शिक्षाएं भी यही संदेश देती हैं कि व्यक्ति अपने धर्म के साथ-साथ अपने देश के नियमों और कानूनों का भी सम्मान करे.

हाजी ताहिर उद्दीन ताहिर ने कहा कि यदि देश में कोई कानून लागू होता है तो उसका समर्थन किया जाना चाहिए. उन्होंने दोहराया कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानून का सम्मान सर्वोपरि होता है और सभी नागरिकों को संविधान एवं कानून के दायरे में रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए. कानून का पालन करना सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.

एएसएच/