
New Delhi, 14 जुलाई . राजधानी दिल्ली के द्वारका स्थित इस्कॉन मंदिर में 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी. देश के प्रमुख आध्यात्मिक आयोजनों में शामिल इस उत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. रथ यात्रा Thursday शाम 4 बजे सेक्टर-13 स्थित इस्कॉन द्वारका मंदिर से आरंभ होगी और निर्धारित मार्गों से होकर पुनः मंदिर परिसर में पहुंचेगी.
आयोजकों के अनुसार, श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचने का अवसर मिलेगा. मान्यता है कि भगवान के रथ को खींचकर भक्त दिव्य आनंद तथा भगवान की विशेष कृपा प्राप्त करते हैं.
इस वर्ष रथ यात्रा का प्रमुख आकर्षण भगवान जगन्नाथ को अर्पित किया जाने वाला 11 हजार किलो आमों का भोग होगा. भोग के बाद इन आमों को श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा. विशेष बात यह है कि 108 प्रकार के आमों से भगवान के रथ और मंदिर परिसर को सजाया जाएगा. साथ ही श्री श्री रुक्मिणी द्वारकाधीश के वेदी कक्ष को भी विभिन्न किस्मों के आमों से अलंकृत किया जाएगा.
जगन्नाथ रथ यात्रा आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाई जाती है. वैष्णव परंपरा के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ही जगन्नाथ के स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं. धार्मिक ग्रंथों में वर्णित है कि रथ यात्रा के दौरान भगवान के दर्शन और उनके रथ के साथ चलने से आध्यात्मिक पुण्य की प्राप्ति होती है.
आयोजकों का कहना है कि रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को आध्यात्मिकता और भक्ति से जोड़ने का माध्यम भी है. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए भगवान के रथ के साथ चलेंगे.
रथ यात्रा सेक्टर-13 स्थित इस्कॉन मंदिर के पीछे से शुरू होकर एमआरवी स्कूल, डीपीएस पुरी चौक, राजा पुरी चौक, सेक्टर-2 और सेक्टर-6, गुरुद्वारा साहिब चौक, डीएवी स्कूल, ट्रू फ्रेंड्स अपार्टमेंट, कामाक्षी अपार्टमेंट, द्वारका मार्केट, आशीर्वाद चौक और केएम चौक सहित विभिन्न मार्गों से होकर वापस मंदिर पहुंचेगी.
यात्रा मार्ग पर स्थित 50 से अधिक आवासीय सोसायटियों और स्थानीय संगठनों द्वारा भगवान जगन्नाथ का स्वागत किया जाएगा. श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह जलपान और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है.
रथ यात्रा आरंभ होने से पहले भगवान जगन्नाथ को 1008 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे. इसके साथ ही मंदिर परिसर में विशेष आनंद बाजार का आयोजन किया जाएगा, जहां Odisha के पारंपरिक व्यंजन जैसे खाखरा पीठा, मंडा पीठा, खाजा, मालपुआ, दालमा, छेना पोड़ा और अन्य प्रसाद उपलब्ध रहेंगे.
जो श्रद्धालु किसी कारणवश रथ यात्रा में शामिल नहीं हो पाएंगे. वे इस्कॉन द्वारका के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे और भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सकेंगे.
–
एएमटी/
Skip to content