लिफ्ट देकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मोबाइल का लॉक खुलवाकर खाते से उड़ाते थे रुपए, चार गिरफ्तार

नोएडा, 1 जुलाई . नोएडा के सेक्टर-49 थाने की Police ने राह चलते लोगों को कार में बैठाकर लूटपाट करने और मोबाइल का लॉक खुलवाकर बैंक खाते से रकम ट्रांसफर करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है. Police ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से पीड़ित का लूटा गया आईफोन -16, स्मार्ट वॉच, चार्जर, आधार कार्ड, 2,300 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है.

Police के अनुसार, 29 जून को एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-49 में शिकायत दर्ज कराई थी कि सेक्टर-50 क्षेत्र में कुछ लोगों ने उसे अपनी कार में बैठा लिया. इसके बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन, चार्जर, पावर बैंक और नकदी छीन ली. इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित को धमकाकर उसके मोबाइल का लॉक खुलवाया और मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से उसके बैंक खाते से अपने खातों में धनराशि स्थानांतरित कर ली. पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-49 में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.

घटना के खुलासे के लिए Police की विशेष टीमों का गठन किया गया. मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से 30 जून 2026 को Police ने सेक्टर-50 के सामने से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित, नितिन, विवेक और ऋषि के रूप में हुई है. सभी आरोपी मूल रूप से फिरोजाबाद जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं, जबकि इनमें से एक आरोपी वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-141 में रह रहा था.

Police पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में मित्र हैं और पहले दिल्ली-एनसीआर में कार चलाने तथा मजदूरी का काम करते थे. जल्दी और अवैध तरीके से पैसा कमाने के लालच में उन्होंने इस तरह की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया. आरोपी राह चलते लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी कार में बैठाते थे. इसके बाद उनका मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूट लेते थे. यदि मोबाइल में बैंकिंग ऐप मौजूद होता था तो पीड़ित को डराकर उसका लॉक खुलवाते और उसके बैंक खाते से अपने खातों में पैसे ट्रांसफर कर लेते थे.

इस मामले में थाना सेक्टर-49 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है. Police अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने नोएडा, दिल्ली या एनसीआर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है. Police का मानना है कि पूछताछ में इस गिरोह से जुड़े कई और मामलों का खुलासा हो सकता है.

पीकेटी/डीकेपी