चौथा टी20: भारतीय टीम ने टॉस जीत चुनी बल्लेबाजी, सुंदर और कृष्णा की वापसी

ब्रिस्टल, 9 जुलाई . India और इंग्लैंड के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला काउंटी ग्राउंड में खेला जा रहा है. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने एक बार फिर टॉस जीता है और बल्लेबाजी का फैसला लिया है. भारतीय टी20 कप्तान के रूप में अय्यर ने लगातार छठा टॉस जीता है.

टॉस जीतने के बाद अय्यर ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करेंगे. हम अपने प्लान को पूरा नहीं कर पा रहे हैं. लड़के जोश में हैं. हमें गेम को समझते हुए जल्द संतुलन बनाना होगा. तकनीकी रूप से हमें सबकुछ सही करना होगा. पिच अच्छी लग रही है. हमने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं. वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा वापस आए हैं.”

भारतीय टीम से तेज गेंदबाज हर्षित राणा और दाएं हाथ के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को प्लेइंग इलेवन से बाहर किया गया है.

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस के बाद कहा, “हम भी पहले बल्लेबाजी करते. घास अच्छी और बराबर फैली हुई है. यहां जीतकर, सीरीज जीतना अच्छा होगा. हमारे पास बहुत सारे अच्छे खिलाड़ी हैं. लियाम डॉसन की जगह रेहान आए हैं.”

भारतीय टीम को यदि इस सीरीज में हार से बचना है, तो इस मैच को जीतना होगा. टीम इंडिया सीरीज में 2-0 से पीछे चल रही है. सीरीज का पहला मैच बारिश की वजह से बिना किसी परिणाम के खत्म कर दिया गया था. दूसरे टी20 में भारतीय टीम को 4 विकेट से और तीसरे टी20 में 125 रन के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था.

India की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा.

इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग.

पीएके