
हैदराबाद, 10 अगस्त . हैदराबाद Police के कमिश्नर टास्क फोर्स, शमशाबाद जोन और राजेंद्र नगर Police ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ‘गुप्त निधि’ (जमीन में दबे खजाने) का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है. Police ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से वाहन, मोबाइल फोन, नकली सोने के सिक्के, कोयला और पूजा सामग्री बरामद की है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद मुनव्वर उर्फ मुन्ना (36), सैयद अली अशरफ (40), मोहम्मद हाजी (25) और मोहम्मद सलमान (29) के रूप में हुई है. सभी आरोपी हैदराबाद और मेदचल-मलकाजगिरि जिले के निवासी हैं.
Police के अनुसार, मुख्य आरोपी मुनव्वर पहले कारों की पेंटिंग-डेंटिंग का काम करता था. आय कम होने के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को ठगने की साजिश रची. गिरोह के सदस्य भोले-भाले लोगों को यह विश्वास दिलाते थे कि उन्हें जमीन के नीचे दबे खजाने का पता लगाने की विशेष जानकारी है.
ठगी के लिए आरोपी लोगों के घरों या जमीन पर खुदाई कराते थे. इसके बाद वे वहां पहले से छिपाकर रखी गई कोयले की बोरी और नकली सोने की परत चढ़े सिक्के निकालकर दिखाते थे. फिर पीड़ितों को यह कहकर विश्वास में लेते थे कि कुछ समय बाद यह कोयला सोने में बदल जाएगा. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो जाते थे.
जांच में पता चला है कि गिरोह ने हैदराबाद के विभिन्न इलाकों में कम से कम 11 लोगों को ठगी का शिकार बनाया और उनसे करीब एक करोड़ रुपए ठग लिए.
Police ने आरोपियों के कब्जे से दो कारें, एक ऑटो-रिक्शा, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, 25 नकली सोने के सिक्के, छह किलोग्राम कोयला, चार किलोग्राम मिट्टी और पूजा सामग्री बरामद की है. Police रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी मुनव्वर के खिलाफ पहले भी बेगम बाजार थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है.
इस संबंध में राजेंद्र नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 351(2), 61(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
Police ने आम जनता से अपील की है कि वे जमीन में दबे खजाने, गुप्त धन या चमत्कारिक तरीके से धन प्राप्त कराने जैसे दावों पर विश्वास न करें. यदि कोई व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में शामिल दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत Police को दें.
यह कार्रवाई टास्क फोर्स, शमशाबाद जोन के इंस्पेक्टर के. रवि के नेतृत्व में एसआई के. मंसूर अली, नरसिंग राव, एस. शेषु और उनकी टीम तथा राजेंद्र नगर Police की संयुक्त टीम ने की.
–
एएमटी/डीकेपी
Skip to content