विदेशी मीडिया का ध्यान चीनी मानवयुक्त अंतरिक्ष यान शनचो-23 के सफल प्रक्षेपण पर केंद्रित

बीजिंग, 25 मई . पेइचिंग समयानुसार, 24 मई को रात 11:08 बजे, चीनी मानवयुक्त अंतरक्षयान शनचो-23 को ले जाने वाले लॉन्ग मार्च 2एफवाई23 वाहक रॉकेट को च्युछय्वान उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया.

कक्षा में प्रवेश करने के बाद, शनचो-23 मानवयुक्त अंतरिक्ष यान ने 25 मई को सुबह 2:45 बजे अंतरिक्ष स्टेशन के थ्येन-ह कोर मॉड्यूल के रेडियल पोर्ट से सफलतापूर्वक डॉकिंग की. सुबह 5:13 बजे, शनचो-23 के अंतरिक्ष यात्रियों का दल चीनी अंतरिक्ष स्टेशन में प्रवेश कर गया. चीनी अंतरिक्ष उड़ान के इतिहास में यह 8वां ‘अंतरिक्ष मिलन’ है, और यह पहली बार है कि हांगकांग के अंतरिक्ष यात्री ने चीनी अंतरिक्ष स्टेशन थ्येनखोंग में प्रवेश किया है.

चीनी मानवयुक्त अंतरिक्षयान के प्रक्षेपण पर विदेशी मीडिया का ध्यान केंद्रित हुआ है. फ्रांस 24 समाचार वेबसाइट ने 24 मई को रिपोर्ट किया कि शनचो-23 मानवयुक्त अंतरिक्ष उड़ान मिशन जीवन विज्ञान, पदार्थ विज्ञान, द्रव भौतिकी और चिकित्सा सहित कई क्षेत्रों में वैज्ञानिक परियोजनाओं को अंजाम देगा. इसके अलावा, इस मिशन के दौरान एक अंतरिक्ष यात्री एक वर्ष तक अंतरिक्ष स्टेशन पर रहेगा और वैज्ञानिक इस अवसर का उपयोग दीर्घकालिक सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण स्थितियों के तहत मानव शरीर में होने वाले परिवर्तनों का अध्ययन करने के लिए करेंगे.

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह चीन के लिए वर्ष 2030 से पहले चंद्रमा पर पहली मानव लैंडिंग के अपने महत्वाकांक्षी लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

वहीं, अंतरिक्ष और एयरोस्पेस समाचार वेबसाइट स्पेस डॉट कॉम ने एक लेख प्रकाशित किया, जिसमें कहा गया है कि यह प्रक्षेपण चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक बड़ी सफलता है: तीन अंतरिक्ष यात्रियों में से एक एक वर्ष तक कक्षा में रहेगा, जो चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए इतिहास रच देगा.

उधर, 24 मई को ट्रैवल एंड टूरिज्म वर्ल्ड (टीटीडब्ल्यू) वेबसाइट पर प्रकाशित एक लेख में इस बात पर भी प्रकाश डाला गया कि शनचो-23 दल के एक अंतरिक्ष यात्री एक साल का कक्षा में रहने का प्रयोग करेंगे.

लेख में कहा गया है कि इस मिशन से प्राप्त अनुभव अंतरिक्ष यात्रियों को भविष्य में दीर्घकालिक अंतरिक्ष यात्रा से उत्पन्न होने वाली कई चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना करने में सक्षम बनाएगा, जिससे वे भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों के लिए तैयार हो सकेंगे.

लेख में बताया गया है कि एयरोस्पेस प्रौद्योगिकी में लगातार सुधार और अंतरिक्ष स्टेशन संचालन के पैमाने का निरंतर विस्तार करके, चीन भविष्य में मानव अंतरिक्ष अन्वेषण में एक महत्वपूर्ण योगदानकर्ता बनने के लिए प्रतिबद्ध है.

इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया स्थित स्पेस डेली वेबसाइट पर 24 मई को प्रकाशित एक लेख में विश्लेषण किया गया कि चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम में आपात स्थितियों से निपटने और अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की पूरी क्षमता है, जो चीन की अंतरिक्ष प्रणाली के तेजी से परिपक्व विकास को दर्शाता है.

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

एबीएम/