
Bhopal , 12 अगस्त Madhya Pradesh की राजधानी Bhopal की सबसे पॉश कॉलोनियों में शुमार अरेरा कॉलोनी से फुटपाथ चोरी होने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यह मामला अब हबीबगंज थाने तक पहुंच गया है. जानकारी के अनुसार, यह घटना अरेरा कॉलोनी के 10 नंबर मार्केट की है. यहां सरकारी धन से बनाए गए फुटपाथ के गायब होने की शिकायत की गई है.
वहां रहने वाले निवासियों का कहना है कि देश की किसी स्मार्ट सिटी में संभवतः यह पहली शिकायत है जिसमें “गायब हुए फुटपाथ” को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है. शिकायत में आरोप है कि इसके लिए सिर्फ अतिक्रमणकारी ही नहीं, बल्कि नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी भी दोषी हैं.
निवासियों के अनुसार, अरेरा कॉलोनी में भू-माफियाओं ने आवासीय भूखंडों पर अवैध मॉल ही नहीं बनाए, बल्कि 10 नंबर मार्केट के आसपास की सभी मुख्य सड़कों के फुटपाथ भी तोड़ दिए. आरोप है कि इतना सब होने के बाद भी प्रशासन मूकदर्शक बना रहा.
अरेरा कॉलोनी के निवासी विवेक त्रिपाठी एवं लवनीश भाटी ने थाना हबीबगंज में शिकायत देकर पूछा है कि आखिर जनता के टैक्स के पैसे से बनाया गया फुटपाथ गया कहां? अब जनता सड़क पर कहा चले? यदि किसी भूमाफिया, भवन मालिक या व्यावसायिक प्रतिष्ठान ने फुटपाथ पर कब्जा किया तो ये कैसे संभव हुआ?
निवासियों का आरोप है कि फुटपाथ धीरे-धीरे पार्किंग, निजी उपयोग और व्यावसायिक गतिविधियों की भेंट चढ़ गया. उनका कहना है कि भूमाफिया अकेले सार्वजनिक जमीन पर कब्जा नहीं कर सकता, जब तक जिम्मेदार सरकारी तंत्र आंखें बंद न करे. इसलिए शिकायत में केवल अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की मांग नहीं की गई है, बल्कि नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के उन अधिकारियों की भूमिका की आपराधिक जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है, जिनकी जिम्मेदारी इन सड़कों और सार्वजनिक फुटपाथों की सुरक्षा की थी.
निवासियों ने मांग की है कि पुराने नक्शे और रिकॉर्ड निकालकर फुटपाथ की पूर्व स्थिति और वर्तमान स्थिति का मिलान कराया जाए. यदि सरकारी रिकॉर्ड और मौजूदा स्थिति में अंतर मिलता है तो फुटपाथ कब्जाने वालों के साथ उन अधिकारियों को भी आरोपी बनाया जाए, जिनकी लापरवाही, संरक्षण या मिलीभगत से सार्वजनिक संपत्ति पर कब्जा हुआ.
–
एएस/
Skip to content