
टोक्यो, 19 जून . जापान की राजधानी टोक्यो में Friday को एक प्राथमिक स्कूल में आग लगने से आठ बच्चों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए. स्थानीय अग्निशमन विभाग के मुताबिक, आग लगने की सूचना सुबह करीब 11 बजे (स्थानीय समयानुसार) मिली.
अधिकारियों के अनुसार, ज्यादातर घायल लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत हुई. वहीं, दो छात्रों के हाथ टूट गए और एक महिला का हाथ भी फ्रैक्चर हो गया.
जापान की समाचार एजेंसी क्योडो न्यूज के अनुसार, स्कूल की इमारत में संगीत कक्षा के पास बने एक स्टोररूम में आग लगी थी. आग पर दोपहर करीब 1:45 बजे तक काबू पा लिया गया.
जिस कमरे में आग लगी थी, वहां स्प्रिंकलर सिस्टम नहीं लगा हुआ था. आग लगने के समय कक्षाएं चल रही थीं. अस्पताल ले जाए गए आठ छात्र पांचवीं कक्षा के थे और उस समय संगीत कक्षा में मौजूद थे. वहीं, दमकलकर्मियों ने तीन छात्रों और एक महिला शिक्षिका को सुरक्षित बाहर निकाला.
अधिकारियों ने बताया कि सभी छात्रों को स्कूल के मैदान में सुरक्षित पहुंचा दिया गया. आग लगने के समय कक्षा में मौजूद 11 वर्षीय एक छात्र ने बताया, ”यह बहुत डरावना था.”
इससे पहले फरवरी में जापान के यामागुची प्रांत के एक मंदिर में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई थी.
स्थानीय अग्निशमन अधिकारियों को एक आपातकालीन कॉल मिली थी, जिसमें बताया गया था कि शिमोनोसेकी शहर में स्थित दो मंजिला लकड़ी के मंदिर में आग लग गई है. मंदिर से जुड़ा एक आवासीय हिस्सा भी था.
आग में मंदिर का मुख्य प्रार्थना हॉल और रहने का हिस्सा समेत तीन इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गई थीं. घटनास्थल से पांच लोगों के शव बरामद किए गए थे.
आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय Police और अग्निशमन विभाग ने जांच शुरू कर दी थी.
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, जनवरी में भी जापान के निगाता प्रांत के निगाता शहर में एक घर में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी. आग में घर पूरी तरह जल गया था और लपटें आसपास के कई घरों तक फैल गई थीं. घने धुएं के कारण पास के रेलवे स्टेशन के आसपास भी असर पड़ा था, जिससे कुछ समय के लिए रेल सेवाएं बाधित हो गई थीं.
–
एवाई/डीकेपी
Skip to content