फीफा विश्व कप 2026: रोड्री और पेड्री, स्पेन के ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं दोनों खिलाड़ी

New Delhi, 29 मई . फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत 11 जून से हो रही है. अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की मेजबानी में विश्व कप 19 जुलाई 2026 तक खेला जा जाएगा. 2010 में अपना पहला और एकमात्र विश्व कप जीतने वाली स्पेन की टीम अपने दूसरे खिताब की तलाश में उतरेगी. स्पेन के इस अभियान में स्टार खिलाड़ियों पेड्री और रोड्री की भूमिका अहम होगी.

29 साल के रोड्रिगो हर्नांडेज कैस्कांटे, जिन्हें रोड्री या रोड्रिगो के नाम से जाना जाता है, स्पेन की टीम के बेहद अहम खिलाड़ी हैं. 2018 में स्पेन की टीम के लिए डेब्यू करने वाला ये खिलाड़ी रक्षात्मक मिडफील्डर के रूप में खेलता है. मौजूदा समय के सर्वश्रेष्ठ डिफेंसिव मिडफील्डर माने जाने वाले रोड्री को उनकी पासिंग, धैर्य, प्लेमेकिंग और शारीरिक क्षमताओं के लिए जाना जाता है. उनके पास से गेंद लेना विपक्षी टीम के किसी भी खिलाड़ी के लिए बेहद मुश्किल काम होता है. मैदान के बीच रोड्री की कलात्मकता देखते बनती है. डेब्यू के बाद राष्ट्रीय टीम के लिए 61 मैचों में 4 गोल करने वाले रोड्री की फीफा विश्व कप 2026 में अहम भूमिका होगी.

23 साल के पेड्रो गोंजालेज लोपेज को पेड्री के नाम से जाना जाता है. वह मिडफील्डर के तौर पर खेलते हैं. पेड्री को मौजूदा समय में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डरों में से एक माना जाता है. गेंद पर नियंत्रण, ड्रिबलिंग, पासिंग और प्लेमेकिंग उनकी खासियत है. स्पेन के लिए 2021 में डेब्यू करने वाले पेड्री 40 मैचों में 5 गोल कर चुके हैं.

रोड्री और पेड्री दोनों ही फीफा विश्व कप 2022 में स्पेन टीम का हिस्सा थे. इस बार दोनों ही खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय और क्लब फुटबॉल का लंबा अनुभव लेकर उतर रहे हैं जिसका फायदा स्पेन को हो सकता है.

इस बार विश्व कप में सर्वाधिक 48 टीमें खेल रही हैं और कुल 104 मैच खेले जाएंगे. स्पेन विश्व कप में ग्रुप एच में उरुग्वे, सऊदी अरब और केप वर्डे के साथ है. स्पेन का केप वर्डे से मुकाबला 15 जून को, सऊदी अरब से 21 जून को और ऊरुग्वे से 27 जून को होगा.

पीएके