
मैड्रिड, 30 मई . एफसी बार्सिलोना ने न्यूकैसल यूनाइटेड से इंग्लैंड के इंटरनेशनल विंगर एंथनी गॉर्डन को साइन करने की पुष्टि की है. वह गैरी लिनेकर और मार्कस रैशफोर्ड के बाद क्लब का प्रतिनिधित्व करने वाले सिर्फ तीसरे इंग्लिश खिलाड़ी बन गए हैं.
25 साल के खिलाड़ी ने बार्सिलोना पहुंचने और अपना चिकित्सा परीक्षण पास करने के बाद लगभग 70 मिलियन यूरो के छह साल के कॉन्ट्रैक्ट के साथ-साथ 10 मिलियन यूरो के इंसेंटिव के लिए सहमति दी है.
सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, कानूनी कागजी कार्रवाई में देरी की वजह से यह साइनिंग उम्मीद से सात घंटे बाद हुई.
गॉर्डन ने कहा, “मैं तीन साल की उम्र से ही बार्का के लिए खेलने को लेकर उत्साहित था. मैं स्पैनिश बोलना चाहता था क्योंकि बचपन में मुझे लगता था कि मैं बार्सिलोना के लिए फुटबॉल खेलूंगा. न्यूकैसल में मेरे एक फिजियो हैं, और हम हर दिन बात करते थे. मैंने उनसे कहा था कि मैं एक दिन बार्सिलोना के लिए खेलूंगा, इसलिए मैं स्पेनिश सीखना चाहता हूं. मुझे बहुत देर से पता चला (बार्सिलोना की दिलचस्पी के बारे में), लेकिन जैसे ही मुझे पता चला कि बार्सिलोना एक सीरियस विकल्प है, कोई सवाल ही नहीं था.”
गॉर्डन ने आगे कहा कि बार्सिलोना दुनिया का सबसे बड़ा क्लब है. बार्सिलोना के लिए खेलने का सपना उन्होंने बचपन से देखा था. बार्सिलोना में शामिल होने पर गॉर्डन काफी खुश नजर आए. वह एक जून को वर्ल्ड कप की फाइनल तैयारियों के लिए इंग्लैंड टीम से जुड़ जाएंगे.
हाल ही में खत्म हुए सीजन में बार्सिलोना ने गॉर्डन के जबरदस्त टैलेंट को देखा था, जब चैंपियंस लीग ग्रुप स्टेज में उन्होंने न्यूकैसल को बार्सिलोना के खिलाफ 2-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. गॉर्डन जनवरी 2023 में अपने घरेलू क्लब एवर्टन से न्यूकैसल में शामिल हुए थे. तब से उन्होंने न्यूकैसल के लिए 152 मैचों में 39 गोल किए हैं. इसके अलावा, उन्होंने इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के लिए 17 मैच खेले हैं और 2 गोल किए हैं.
–
एसएम/एबीएम
Skip to content