मऊ में गोतस्कर और पुलिस के बीच मुठभेड़, इनामी बदमाश के पैर में लगी गोली, जिला अस्पताल में भर्ती

मऊ, 22 जुलाई . उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में Police और एक वांछित गोतस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान Police की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई. घायल बदमाश को पहले कोपागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सदर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

Police के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान ढेला राम के रूप में हुई है. वह मुकदमा अपराध संख्या 106/26 में गैंगस्टर अधिनियम के तहत वांछित और इनामी अपराधी है. Police को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वह कटवा से इंदारा स्टेशन की ओर जा रहा है. सूचना मिलते ही Police टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी और आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा.

हालांकि, Police का दावा है कि ढेला राम ने आत्मसमर्पण करने के बजाय Police टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद Police ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई. Police ने उसे तुरंत इलाज के लिए सीएचसी कोपागंज पहुंचाया, जहां से उसे सदर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

Police ने बताया कि ढेला राम शातिर किस्म का अपराधी है. उसके खिलाफ मऊ के अलावा बलिया जिले के सिकंदरपुर थाने में भी गैंगस्टर अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं.

मुठभेड़ के बाद Police ने आरोपी के पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस, जिनमें एक खोखा भी शामिल है, बरामद किया है. मौके पर फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया है, ताकि साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके.

वहीं, जिला अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि उनके पास लाए गए घायल का नाम ढेला है. उसके पिता का नाम नसीर है और वह कोपागंज का रहने वाला है. डॉक्टर के अनुसार, आरोपी के पैर में गोली लगी है. उसकी हालत फिलहाल अच्छी है और अस्पताल में भर्ती कर उसका इलाज जारी है.

एएस