डीआरडीओ-आईएनएमएएस भर्ती 2026: रिसर्च एसोसिएट सहित 15 पदों पर आवेदन शुरू, इन तारीखों पर होगा इंटरव्यू

New Delhi, 6 जून . रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) की एक प्रमुख बहुविषयक प्रयोगशाला, इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूक्लियर मेडिसिन एंड एलाइड साइंसेज (आईएनएमएएस) ने अलग-अलग विषयों और अनुसंधान क्षेत्रों में युवा और प्रतिभाशाली नागरिकों से एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके विभिन्न 15 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं, जो रक्षा-संबंधी अनुसंधान करना चाहते हैं.

डीआरडीओ-आईएनएमएएस की ओर से जारी 15 रिक्तियों में रिसर्च एसोसिएट (आरए) के 4 और जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) के 11 पद शामिल हैं. रिसर्च एसोसिएट (आरए) के 4 पदों में जीव विज्ञान से 2, रसायन विज्ञान से 1 और औषधि विज्ञान से 1 पद शामिल हैं. वहीं, जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) के 11 पदों में जीव विज्ञान से 5, रसायन विज्ञान से 4, औषध विज्ञान से 1 और दंत विज्ञान से 1 पद शामिल हैं.

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 जून तय की गई है. ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे डीआरडीओ के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं.

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास रिसर्च एसोसिएट (आरए) पोस्ट के लिए लाइफ साइंसेज/बायोटेक्नोलॉजी/माइक्रोबायोलॉजी/बायोकेमिस्ट्री/मॉलिक्यूलर बायोलॉजी/मटीरियल साइंस/केमिस्ट्री/केमिकल साइंस/फार्मास्युटिकल साइंसेज/फार्मास्यूटिक्स/फार्माकोलॉजी/फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री/मेडिसिनल केमिस्ट्री/फार्मेसी या इससे जुड़े विषय में पीएचडी होनी चाहिए.

जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास किसी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एजेंसी से नेट (जेआरएफ/एलएस) क्वालिफिकेशन के साथ लाइफ साइंसेज/बायोटेक्नोलॉजी/मॉलिक्यूलर बायोलॉजी/बायोकेमिस्ट्री/माइक्रोबायोलॉजी/बायोमेडिकल साइंसेज में फर्स्ट क्लास एमएससी या वैलिड गेट स्कोर के साथ बायोटेक्नोलॉजी/बायोमेडिकल साइंसेज/बायोमेडिकल इंजीनियरिंग में फर्स्ट क्लास बीटेक या ग्रेजुएट और पोस्ट-ग्रेजुएट दोनों लेवल पर बायोटेक्नोलॉजी/बायोमेडिकल साइंसेज/बायोमेडिकल इंजीनियरिंग में फर्स्ट क्लास एमई/एमटेक; केमिस्ट्री/नैनोटेक्नोलॉजी/केमिकल साइंसेज/कम्प्यूटेशनल केमिस्ट्री/पॉलीमर साइंसेज/मटीरियल साइंसेज में फर्स्ट क्लास एमएससी या केमिकल इंजीनियरिंग में वैलिड गेट स्कोर के साथ फर्स्ट क्लास बीटेक या ग्रेजुएट और पोस्ट-ग्रेजुएट लेवल पर फर्स्ट क्लास के साथ केमिकल इंजीनियरिंग में एमई/एमटेक; फार्मास्यूटिक्स/फार्मास्युटिकल साइंसेज/फार्माकोलॉजी/फार्माकोलॉजी और टॉक्सिकोलॉजी/फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री/मेडिसिनल केमिस्ट्री में फर्स्ट क्लास एमफार्म/एमएस (फार्म)/एमटेक (फार्म); दंत विज्ञान में प्रथम श्रेणी में ग्रेजुएशन (बीडीएस) और उम्मीदवारों के पास भारतीय दंत चिकित्सा परिषद (डीसीआई)/राज्य दंत चिकित्सा परिषद के साथ वैध पंजीकरण होना चाहिए.

आवेदकों की अधिकतम आयु रिसर्च एसोसिएट (आरए) पद के लिए 35 वर्ष और जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) पोस्ट के लिए 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू/लिखित परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की रिसर्च एसोसिएट (आरए) पद के लिए 67,000 रुपए और जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) पद के लिए 37,000 रुपए प्रति माह होगी. इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.

शॉर्टलिस्टेड उम्मीदवारों के लिए इंटरव्यू पद, विषयों एवं अनुसंधान क्षेत्रों के अनुसार 15 जुलाई से 24 जुलाई के बीच ‘मुख्य गेट रिसेप्शन, आईएनएमएएस, तिमारपुर, दिल्ली’ पते पर आयोजित किए जाएंगे. उम्मीदवारों के लिए केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 8 बजे से 9.30 बजे तक तय किया गया है. ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है.

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डीआरडीओ-आईएनएमएएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए दिए गए एप्लीकेशन को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें. फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें. इसके बाद संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स के साथ भरे हुए आवेदन पत्र को स्कैन कर एक ही पीडीएफ फाइल में अधिसूचना में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर मेल कर दें.

डीके/एएस