डीपीएल 2026: वेस्ट दिल्ली लायंस ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को 19 रनों से हराया, कप्तान आयुष ने खेली दमदार पारी

New Delhi, 2 अगस्त . दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के तीसरे मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए न्यू दिल्ली टाइगर्स को 19 रनों से हराया. वेस्ट दिल्ली लायंस से मिले 171 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यू दिल्ली की पूरी टीम 151 रन बनाकर आल आउट हो गई.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स की शुरुआत बेहद खराब रही. शिवम गुप्ता महज 4 रन बनाकर आउट हुए, तो लक्ष्य थरेजा 5 रन ही बना सके. पार्थ अपना खाता तक नहीं खोल सके और कुलवंत खेजरोलिया का शिकार बने. कप्तान हिम्मत सिंह भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 15 रन बनाकर आउट हुए. 28 के स्कोर पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही टीम की पारी को कुछ हद तक आर्यन शर्मा और वैभव रावल ने संभालने की कोशिशी की और पांचवें विकेट के लिए 41 रन जोड़े.

आर्यन 19 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वैभव 3 चौके की मदद से 27 गेंद में 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे. ऋतिक शौकीन अपना खाता भी नहीं खोल सके. अंत के ओवरों में मनीष शेहरावत ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 51 रनों की दमदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका. गेंदबाजी में वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से मनन भारद्वाज और कुलवंत खेजरोलिया ने तीन-तीन विकेट चटकाए. वहीं, शुभम दुबे ने 2 विकेट झटके.

इससे पहले, वेस्ट दिल्ली लायंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अंकित बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. वहीं, कृष यादव 6 रन ही बना सके. हालांकि, इसके बाद विकास राणा और कप्तान आयुष दोसेजा ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 53 रनों की अहम साझेदारी निभाई. विकास 26 रन बनाकर आउट हुए.

वहीं, आयुष ने कप्तानी पारी खेलते हुए 52 गेंदों में 84 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 10 चौके और 2 छक्के लगाए. अंत के ओवरों में मयंक ने 35 गेंदों में 46 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसके बूते टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 170 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही. न्यू दिल्ली टाइगर्स की तरफ से गेंदबाजी में ऋतिक शौकीन ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए.

एसएम/