यूपी: शामली में कांवड़ यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

शामली, 22 जुलाई . आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर शामली प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. जिला अधिकारी आलोक यादव और Police अधीक्षक ने Tuesday को मुजफ्फरनगर बॉर्डर से लेकर जिले के कांवड़ मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया. इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ यात्रा मार्ग का जायजा लिया गया और आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए.

जिला अधिकारी आलोक यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बिजली, सड़क, सफाई, परिवहन और सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की गई. बिजली विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि मार्ग पर स्थित बिजली के खंभों पर करीब छह से सात फीट तक इंसुलेशन कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. साथ ही, साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं. कांवड़ मार्ग पर जहां-जहां छोटे गड्ढे थे, उन्हें भरने का काम लगभग पूरा हो चुका है. परिवहन विभाग और रोडवेज अधिकारियों को अस्थायी बस अड्डे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि नगर निकाय के अधिकारियों को सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है.

उन्होंने कहा कि जिले में कांवड़ यात्रा की लगभग सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. विभिन्न स्थानों पर कांवड़ शिविरों की स्थापना शुरू हो गई है और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं. प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होगी. आलोक यादव ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर जहां भी मरम्मत की आवश्यकता है, वहां तेजी से कार्य कराया जा रहा है. बनत चौराहे पर भी कुछ कमियां थीं, जिन्हें दूर किया जा रहा है. राष्ट्रीय राजमार्ग पर खराब ट्रैफिक लाइटों को ठीक करने का काम जारी है.

उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पानी भरने की शिकायत मिली थी, वहां मिट्टी डालकर रास्ते को समतल किया जा रहा है. प्रशासन लगातार मौके पर जाकर कार्यों की निगरानी कर रहा है ताकि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी हो जाएं.

डाक कांवड़ के रूट को लेकर पूछे गए सवाल पर जिला मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि इस बार डाक कांवड़ को शहर के बीच से नहीं, बल्कि बाईपास मार्ग से निकाला जाएगा. इससे शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी और श्रद्धालुओं की आवाजाही भी सुरक्षित तरीके से हो सकेगी. उन्होंने बताया कि कांवड़ शिविरों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. शिविरों में सुरक्षा व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा और विद्युत सुरक्षा के मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा. साथ ही शिविरों को मुख्य सड़क से कुछ दूरी पर लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी वाहन की चपेट में आने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका न रहे.

कांवड़ यात्रा के दौरान मीट की दुकानों को लेकर भी प्रशासन ने निर्णय लिया है. जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को पहले ही निर्देश जारी कर दिए गए हैं और नगर निकाय के अधिकारियों के माध्यम से बैठक कर उन्हें जानकारी दे दी गई है. यात्रा अवधि के दौरान संबंधित मीट की दुकानें बंद रहेंगी.

यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए डीएम ने बताया कि घाटों पर गोताखोरों की तैनाती की गई है और गश्ती नावों की व्यवस्था भी की गई है. प्रशासन लगातार निगरानी रखेगा ताकि श्रद्धालु अधिक गहरे पानी में स्नान न करें.