नीतू कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करने में घबरा रहा था : दीपक दत्ता

Mumbai , 5 मई . Bollywood Actor दीपक दत्ता इन दिनों आने वाली फिल्म ‘दादी की शादी’ को लेकर चर्चाओं में है. इस फिल्म में उन्हें दिग्गज Actress नीतू कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला. दीपक ने अपना अनुभव साझा किया और बताया कि यह उनके लिए कितना खास और यादगार रहा.

दीपक दत्ता ने कहा, ”मैं बचपन से ही नीतू कपूर की फिल्मों का फैन रहा हूं, इसलिए जब मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला, तो मैं थोड़ा घबरा गया था. आज भी उनका अंदाज चुलबुला है.”

दीपक ने कहा, ”मैंने नीतू कपूर की कई फिल्में और गाने देखे हैं, जिनमें उनकी मुस्कान और एनर्जी हमेशा खास रही है. यही वजह थी कि मैं उनके साथ काम करने से पहले काफी नर्वस था. जैसे ही मैंने उनके साथ समय बिताया, मेरा डर धीरे-धीरे खत्म हो गया. वह बहुत ही विनम्र और जमीन से जुड़ी हुई इंसान हैं. वह अपने साथ काम करने वाले हर कलाकार को सहज महसूस कराती हैं.”

दीपक ने आगे कहा, “नीतू कपूर का व्यवहार बहुत ही सादा है. मैं उनके व्यक्तित्व से काफी प्रभावित हूं. एक बड़ा स्टार होने के बावजूद उनका सरल स्वभाव हर किसी को अपना बना लेता है.”

फिल्म में अपने रोल को लेकर दीपक ने बताया कि उन्हें इस प्रोजेक्ट के लिए मुकेश छाबड़ा की कास्टिंग एजेंसी से ऑडिशन कॉल आया था. वह इस मौके के लिए खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं. मेरा किरदार ऐसा है जिससे हर बेटा खुद को जोड़ सकता है. इसे निभाना खास और भावनात्मक अनुभव रहा.

शूटिंग के अनुभव के बारे में बात करते हुए दीपक ने कहा, ”फिल्म की शूटिंग करीब 50 दिनों तक शिमला में की गई. वहां का नजारा बहुत खूबसूरत था और पूरी टीम के साथ काम करना एक शानदार अनुभव रहा. फिल्म के प्रोड्यूसर्स, तकनीकी टीम और पूरी यूनिट शानदार थीं. सभी ने मिलकर इस फिल्म को बेहतरीन बनाने में अहम भूमिका निभाई.”

फिल्म ‘दादी की शादी’ में नीतू कपूर के अलावा कपिल शर्मा भी अहम भूमिका में हैं. खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए नीतू कपूर और दिवंगत ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी भी Bollywood में कदम रख रही हैं. यह फिल्म 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.

पीके/एबीएम