दानापुर–पुणे स्पेशल ट्रेन के महिला कोच में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

दानापुर, 30 मई . बिहार के दानापुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां दानापुर-पुणे स्पेशल ट्रेन के महिला कोच में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला. यह घटना दानापुर स्टेशन की है, जिससे पूरे रेलवे परिसर में हड़कंप मच गया.

इस मामले की जानकारी देते हुए जीआरपी दानापुर के प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि ट्रेन संख्या 01449, जो पुणे से दानापुर आती है और वापसी में 01450 बनकर पुणे के लिए रवाना होती है, उसी ट्रेन के महिला कोच में यह घटना पाई गई. उन्होंने कहा कि ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने के बाद जब रेलवे सुरक्षा बल और स्टाफ ने नियमित जांच शुरू की, तो महिला कोच का गेट अंदर से बंद पाया. इसके बाद किसी तरह गेट खोला गया तो कोच के अंदर एक युवक का शव संदिग्ध स्थिति में मिला.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है. शव महिला कोच के अंदर पाया गया और शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि उसने अपने बेल्ट का इस्तेमाल करके कथित तौर पर आत्महत्या की हो सकती है. हालांकि, Police ने साफ कहा है कि यह केवल शुरुआती अनुमान है और असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी.

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और जीआरपी की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. इसके बाद फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया ताकि घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए जा सकें. टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी जांच की और साक्ष्य एकत्र किए.

एफएसएल के विशेषज्ञों ने प्रारंभिक तौर पर बताया कि युवक की मौत कुछ समय पहले ही हो चुकी थी. हालांकि मौत का सही समय और कारण अभी जांच का विषय है. Police ने कहा है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके.

Police का कहना है कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. उसके पास से कोई भी पहचान पत्र, मोबाइल या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है. इसी वजह से Police फिलहाल उसे अज्ञात मानकर जांच आगे बढ़ा रही है.

पीआईएम/डीएससी