
New Delhi, 20 जुलाई . ‘कॉमनवेल्थ गेम्स 2026’ का 23वां संस्करण 23 जुलाई से 2 अगस्त के बीच आयोजित होगा. 12 वर्ष बाद एक बार फिर स्कॉटलैंड के ग्लासगो में इन खेलों का आयोजन होने जा रहा है.
ग्लासगो दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा. यहां साल 2014 में 14 वेन्यू पर 17 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ था, जबकि इस बार 8 मील के कॉरिडोर में चार वेन्यू में कुल 10 खेलों पर दुनिया की निगाहें रहेंगी.
इस बार एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स, स्विमिंग और पैरा स्विमिंग, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक, ट्रैक साइकिलिंग और पैरा ट्रैक साइकिलिंग, नेटबॉल, वेटलिफ्टिंग और पैरा वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग, जूडो, बॉल्स और पैरा बॉल्स, 3×3 बास्केटबॉल और 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल जैसे कुल 10 खेल कॉमनवेल्थ गेम्स में देखे जाएंगे, जबकि बर्मिंघम में खेले गए कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में 20 खेलों को शामिल किया गया था. यानी इस बार क्रिकेट, हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती, स्क्वैश और रिदमिक जिमनास्टिक, टेबल टेनिस, डाइविंग, रग्बी सेवेंस, बीचबॉल और माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं होंगे.
‘ग्लासगो इंटरनेशनल एरिना’ में कुल 60 मेडल इवेंट होंगे, जिनमें जिम्नास्टिक्स (14), ट्रैक साइकिलिंग (18) और पैरा ट्रैक साइकिलिंग (8) का आयोजन होगा. यहां 24 से 28 जुलाई के बीच जिमनास्टिक प्रतियोगिताएं खेली जाएंगी. इसी खेल परिसर में स्थित सर क्रिस होय वेलोड्रोम में 30 जुलाई से 2 अगस्त तक साइकिलिंग प्रतियोगिताएं खेली जाएंगी.
‘स्कॉटिश इवेंट कैंपस’ के तीन प्रमुख हिस्सों में कुल 6 प्रतियोगिताओं के 60 मेडल इवेंट खेले जाएंगे. ‘द हाइड्रो’ नेटबॉल (1) की मेजबानी करेगा, जबकि ‘एसईसी आर्माडिलो’ वेटलिफ्टिंग (16) और पैरा पावरलिफ्टिंग (4) खेलों की मेजबानी करेगा. इनके अलावा, ‘एसईसी सेंटर’ में 3×3 बास्केटबॉल (2), बॉक्सिंग (14), जूडो (14), बॉल्स (4), 3×3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल (2), पैरा बॉल्स (3) का आयोजन होगा.
टोलक्रॉस इंटरनेशनल स्विमिंग सेंटर में स्विमिंग (42) और पैरा स्विमिंग (14) के कुल 56 मेडल इवेंट होंगे. वहीं, स्कॉटस्टाउन स्टेडियम एथलेटिक्स (43) और पैरा एथलेटिक्स (16) में कुल 59 मेडल इवेंट की मेजबानी करेगा.
–
आरएसजी
Skip to content