
बीजिंग, 2 अगस्त . स्थानीय समय के अनुसार 2 अगस्त की सुबह चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) नौसेना के युद्धपोत छीचीकुआंग (जहाज संख्या 83) और खुनलुनशान से बना जहाजी बेड़ा इंडोनेशिया के सुराबाया स्थित तंजुंग पेराक बंदरगाह पहुंचा. यह बेड़ा दूर समुद्री क्षेत्रों में व्यापक प्रशिक्षण और मैत्रीपूर्ण यात्रा के मिशन पर है. इंडोनेशिया में यह चार दिवसीय मैत्रीपूर्ण यात्रा करेगा.
बंदरगाह पहुंचने पर चीनी महावाणिज्य दूतावास, सुराबाया के अधिकारियों, इंडोनेशियाई नौसेना के प्रतिनिधियों, स्थानीय चीनी समुदाय, चीनी उद्यमों के प्रतिनिधियों और छात्रों ने बेड़े का गर्मजोशी से स्वागत किया. यात्रा के दौरान दोनों देशों के नौसेना अधिकारी एक-दूसरे के जहाजों का दौरा करेंगे और खेल प्रतियोगिताओं सहित कई मैत्रीपूर्ण गतिविधियों में हिस्सा लेंगे.
इसके अलावा, चीनी नौसेना बेड़े की ओर से एक विशेष डेक रिसेप्शन का आयोजन भी किया जाएगा. इस दौरान इंडोनेशियाई सैन्य अधिकारियों, स्थानीय नागरिकों और चीनी समुदाय के लोगों के लिए जहाजों को देखने का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा.
बेड़े के अधिकारी कुओ पाइश्योंग ने कहा, “जब मैं विदेशी बंदरगाह पर खड़े होकर दूसरे देश के नजारे देख रहा था, तो मुझे महसूस हुआ कि हमारा युद्धपोत केवल समुद्र में चलने वाला जहाज नहीं है, बल्कि शांति और मित्रता का संदेश पहुंचाने वाला एक पुल भी है. इस लंबी समुद्री यात्रा ने मेरे पेशेवर कौशल को बेहतर बनाया है और मुझे चीनी नौसेना की खुली तथा समावेशी वैश्विक भूमिका को करीब से समझने का मौका दिया है.”
इंडोनेशिया में रह रहे चीनी छात्र छन शिंगचुओ ने कहा कि पहली बार किसी युद्धपोत पर चढ़ना उनके लिए बेहद गर्व और उत्साह का अनुभव था. उन्होंने कहा कि इससे उन्हें अपने देश की शक्ति को करीब से महसूस करने का अवसर मिला. यात्रा के समापन के बाद दोनों देशों की नौसेनाएं संयुक्त समुद्री अभ्यास भी आयोजित करेंगी.
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–
डीकेपी/
Skip to content