
मैनचेस्टर, 21 जून . विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मैच में India को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस हार के बाद फील्डिंग में चूके मौकों पर अफसोस जताया है. हालांकि, अभी India के पास लीग स्टेज में 2 मैच शेष हैं. ऐसे में कप्तान ने सकारात्मक बने रहने पर जोर दिया है.
158/7 के स्कोर का बचाव करते हुए India की फील्डिंग अच्छी नहीं रही. ताजमिन ब्रित्ज का कैच 18 रन पर छूटा, जबकि मारिजैन को सब्स्टिट्यूट फील्डर राधा यादव ने 25 और 65 रन पर दो बार जीवनदान दिया. इन दोनों खिलाड़ियों ने India की फील्ड प्लेसमेंट का बखूबी फायदा उठाया और आसानी से बाउंड्री लगाईं. मारिजैन ने 81 रन पर नाबाद रहते हुए साउथ अफ्रीका को यादगार जीत दिलाई.
मैच गंवाने के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, “मुझे लगता है कि हमें बीच में कुछ मौके मिले, लेकिन दुर्भाग्य से हम उन्हें भुना नहीं सके. हालांकि, मुझे अभी भी लगता है कि हमारे दो मैच शेष हैं, और यही समय है सकारात्मक रहने और उन मुकाबलों के बारे में सोचने का. हम हमेशा बात करते हैं कि इस स्तर पर मौकों को भुनाना कितना जरूरी है, लेकिन दुर्भाग्य से आज किस्मत हमारे साथ नहीं थी.
भारतीय टीम 25 जून को बांग्लादेश को चुनौती देगी, जिसके बाद 28 जून को उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा. भारतीय कप्तान ने कहा, “अभी भी हमारे दो मैच शेष हैं. अब उन मुकाबलों के बारे में सोचने का समय है. अगले मैच के लिए हमारे पास अभी भी दो-तीन दिन हैं. हम बैठकर सोचेंगे कि क्या करना है और उसी हिसाब से अपनी प्लेइंग इलेवन चुनेंगे.”
इस मैच में श्री चरणी ने 4 ओवरों में 24 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि शेफाली वर्मा ने 4 ओवरों में 22 रन देकर 1 विकेट निकाला. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दोनों खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि श्री चरणी और शैफाली ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की. वे चुनौतियां पैदा कर रही थीं, लेकिन दुर्भाग्य से बाकी गेंदबाजों ने उनका साथ नहीं दिया.”
हरमनप्रीत ने मारिजैन की मैच जिताऊ नाबाद 81 रन की पारी की अहमियत को मानते हुए कहा, “आज वह शानदार खेलीं. उन्होंने हमसे मैच छीन लिया, लेकिन मुझे लगता है कि उन्होंने हमें दो अहम मौके भी दिए, जिनका हम फायदा नहीं उठा सके. मुझे लगता है कि इस स्तर पर जब आप ऐसे मौके गंवाते हैं, तो कोई भी आपको आसानी से कुछ नहीं देता. मुझे लगता है कि वे अहम पल थे और उन्होंने हमसे मैच छीन लिया.”
स्पिनर्स के ज्यादा इस्तेमाल पर हरमनप्रीत ने कहा, “जब हम गेंदबाजी कर रहे थे, तो गेंद थोड़ी टर्न हो रही थी. अगर आप अपने फिंगर स्पिनर्स का सही इस्तेमाल करते हैं, तो मुझे लगता है कि शेफाली और श्री चरणी ने बहुत अच्छा काम किया. दूसरे स्पिनर्स को भी सोचना होगा कि हमें कैसे गेंदबाजी करनी है, खासकर ऐसी पिचों पर.”
–
आरएसजी
Skip to content