वनडे विश्व कप में कोच मजूमदार के किस संदेश ने टीम में भरा था जोश, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने किया खुलासा

New Delhi, 29 मई . भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में India में खेला गया वनडे विश्व कप 2025 का खिताब जीता. लीग चरण में भारतीय टीम को लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा था. इससे टीम का विजयी अभियान कुछ समय के लिए पटरी से उतरता भी दिखा था, लेकिन कोच अमोल मजूमदार के संदेश ने टीम में नई जान फूंकी थी.

कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कोच मजमूदार के दिए संदेश का खुलासा किया है. हरमनप्रीत ने याद किया कि इंग्लैंड से India की हार के बाद ड्रेसिंग रूम का माहौल कैसे बदल गया था. इस हार के बाद भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर थी.

हरमनप्रीत ने जियोस्टार पर कहा, “इंग्लैंड मैच के बाद, मुझे लगता है कि अमोल सर ही एकमात्र ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने बात की, और वह बहुत सीधे-सीधे बात करने वाले थे. सभी ने उनकी बात को सही भावना से लिया क्योंकि हम सभी जानते थे कि वह जो कह रहे थे उसमें कुछ भी गलत नहीं था. यह पहली बार था जब मैंने उनकी आवाज थोड़ी ऊंची सुनी. आमतौर पर, वह बहुत ही धीमे बोलने वाले व्यक्ति हैं. मुझे याद है उन्होंने कहा था, ‘जाओ और एक आईना खरीदो और देखो कि तुम क्या कर रही हो और तुम्हें क्या करने की जरूरत है.’”

इंग्लैंड से हार के बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड को हराकर लय में लौटी, सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया पर रिकॉर्ड जीत दर्ज कर सबको चौंकाया, और फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर अपना पहला वनडे विश्व कप जीता.

बड़े टूर्नामेंटों के हरमनप्रीत ने social media से दूर रहने पर भी बात की. उन्होंने कहा, “मैं social media का ज्यादा इस्तेमाल नहीं करती क्योंकि मुझे लगता है कि यह आपको मानसिक रूप से थका सकता है. इसलिए, मैं कोई भी चीज नहीं पढ़ती, खासकर टूर्नामेंट के दौरान—चाहे मैं अच्छा प्रदर्शन कर रही हूं या नहीं. मुझे इस बारे में ज्यादा सोचने की आदत नहीं है. शायद टूर्नामेंट के बाद, मैं कुछ चीजों पर गौर करूंगी, जो मुझे लगता है कि जरूरी हैं. मुझे यह भी पता है कि अगर मैं अच्छा खेल रही हूं, तो मुझे पता है कि मैं अच्छा कर रही हूं. अगर मैं अच्छा नहीं खेल रही हूं, तो मुझे यह पढ़ने की जरूरत नहीं है कि दूसरे क्या सोच रहे हैं या हर किसी से सलाह लेने की जरूरत नहीं है.”

टी20 विश्व कप 2026 से पहले हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ ही 3 टी20 मैचों की सीरीज के लिए तैयार है.

पीएके