नीट-यूजी : सीकर में बीएसएफ के जवान लेकर पहुंचे प्रश्नपत्र, 91 परीक्षा केंद्रों पर 182 जवानों की लगी ड्यूटी

सीकर, 21 जून . री-नीट यूजी परीक्षा का आयोजन देशभर में किया जा रहा है. Rajasthan में भी परीक्षा को लेकर व्यापक स्तर पर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं. खासकर सीकर जिले में परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकल रहित तरीके से संपन्न कराने के लिए अभूतपूर्व व्यवस्था देखने को मिली. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जा रही है, जबकि परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक केंद्रों में प्रवेश दिया गया.

सीकर जिले में इस बार कुल 91 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 27,106 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं. यह संख्या पिछले वर्ष 3 मई को आयोजित नीट परीक्षा की तुलना में 2,873 कम बताई जा रही है. प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर निगरानी तंत्र लागू किया है.

जानकारी के अनुसार परीक्षा प्रश्न पत्रों को 12 बैंकों के स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया था. परीक्षा से पहले भारतीय सुरक्षा बल (बीएसएफ), Police और प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में प्रश्न पत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया. प्रत्येक केंद्र पर दो बीएसएफ जवानों की तैनाती की गई है, जिससे किसी भी तरह की अनियमितता की संभावना को रोका जा सके. जिले में कुल 182 बीएसएफ जवान और लगभग 800 Policeकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं.

परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रश्न पत्रों को छह निर्धारित कलेक्शन सेंटरों पर सुरक्षित रूप से जमा कराया जाएगा. सभी परीक्षा केंद्रों पर cctv कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी सीधी निगरानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा की जा रही है.

इस बार परीक्षा में अभ्यर्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया है, जिससे उन्हें प्रश्नपत्र हल करने में सुविधा मिल सके. केंद्रों पर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की फर्जीवाड़े की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके.

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल प्रवेश पत्र, पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य किया गया है. निर्धारित समय के बाद दोपहर 1:30 बजे परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए और इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई.

प्रशासन द्वारा परीक्षा को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों और गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है. jaipur रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं.

एसएके