ब्रंट, मैथ्यूज और समरविक्रमा ‘आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड’ के लिए नामित

New Delhi, 10 अगस्त . इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट समेत वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज और श्रीलंकाई बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा को ‘जुलाई 2026’ के लिए ‘आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड’ हेतु नामित किया गया है.

नैट साइवर-ब्रंट ने अपने देश में खेले गए आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट स्टेज में इंग्लैंड की बल्लेबाजी की कमान संभाली, जबकि टूर्नामेंट के दौरान उन्हें पिंडली में चोट भी लगी थी. अनुभवी बैटिंग ऑलराउंडर ने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध सेमीफाइनल मुकाबले में उस समय 75 रन की अहम पारी खेली, जब इंग्लैंड ने शुरुआती 4 ओवरों में 3 विकेट गंवा दिए थे. उस समय तक टीम के खाते में सिर्फ 23 रन जुड़ सके थे. इस शानदार प्रदर्शन के लिए ब्रंट को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था.

इसके बाद दाएं हाथ की बल्लेबाज ने लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खिताबी मैच में 58 रन की पारी खेली. नैट ने हीदर नाइट के साथ चौथे विकेट के लिए 133 रन जोड़े, हालांकि टीम खिताब अपने नाम नहीं कर सकी.

दूसरी तरफ, हेली मैथ्यूज ने आयरलैंड के विरुद्ध तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया था. मैथ्यूज ने सीरीज की शुरुआत अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ नाबाद 159 रनों की नाबाद पारी के साथ की और पहली पारी में 52 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. इसके बाद दूसरे मुकाबले में 100 रन बनाने के साथ 2 विकेट भी अपने नाम किए. वेस्टइंडीज ने यह सीरीज 3-0 से अपने नाम की, जिसमें मैथ्यूज ने 132.50 की औसत से 265 रन बनाने के साथ 7 विकेट भी निकाले.

वहीं, हर्षिता समरविक्रमा ने Pakistan के विरुद्ध वनडे सीरीज में श्रीलंका की 2-1 से सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई. हर्षिता ने कुल 173 रन बनाकर ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड जीता. पहले मैच में शांत रहने के बाद, इस बाएं हाथ की बल्लेबाज ने दूसरे मुकाबले में विश्मी गुणरत्ने के साथ 203 रनों की साझेदारी करते हुए 100 रन बनाए. इसके बाद हर्षिता ने हंबनटोटा में खेले गए सीरीज के निर्णायक मैच में 71 रन बनाकर श्रीलंका को आठ विकेट से जीत दिलाई.

आरएसजी