
बोकारो, 29 अप्रैल . Jharkhand के बोकारो जिला ट्रेजरी से फर्जी तरीके से राशि निकासी के मामले में सीआईडी ने बोकारो एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त एएसआई अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार किया है.
आरोपी पर लेखापाल कौशल कुमार पांडेय के साथ मिलकर वर्षों तक सरकारी खजाने में सेंध लगाने का गंभीर आरोप है. सीआईडी की अब तक की जांच में 1.11 करोड़ रुपये से अधिक के गबन का मामला सामने आया है.
Jharkhand Government के निर्देश पर इस पूरे घोटाले की जांच सीआईडी रांची कर रही है. इस सिलसिले में सीआईडी थाना 24 अप्रैल को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
मामले की संवेदनशीलता और व्यापकता को देखते हुए एक विशेष जांच दल का भी गठन किया गया है. जांच में यह तथ्य सामने आया है कि गिरफ्तार अशोक कुमार भंडारी, मुख्य आरोपी और लेखापाल कौशल कुमार पांडेय का करीबी सहयोगी था.
कौशल पांडेय के खाते से अशोक भंडारी के बैंक खाते में करीब 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे. आरोपी की मोडस ऑपरेंडी यह थी कि वे मिलकर फर्जी कमान (आधिकारिक दस्तावेज) तैयार करते थे और इन्हीं दस्तावेजों के सहारे यात्रा भत्ता बिलों की अवैध निकासी की जाती थी.
यह खेल साल 2020 से लगातार चल रहा था और अकेले अशोक भंडारी के खाते के माध्यम से ही 1.11 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि निकाली गई. सीआईडी के अनुसार, यह जांच का शुरुआती चरण है और आने वाले दिनों में इस घोटाले में कई और विभागीय कर्मियों और अधिकारियों पर गाज गिर सकती है.
एसआईटी फिलहाल बैंक खातों और विभागीय दस्तावेजों को खंगाल रही है. इस गिरफ्तारी के बाद Police महकमे और ट्रेजरी कार्यालयों में हड़कंप व्याप्त है.
–
एसएनसी/डीकेपी
Skip to content