20 से 22 जून तक पंजाब दौरे पर रहेंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में करेंगे योग

चंडीगढ़, 18 जून . भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 20 से 22 जून तक तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में आयोजित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, संगठनात्मक और बौद्धिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. इसके साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. भाजपा पंजाब के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने Thursday को इसकी जानकारी दी.

अनिल सरीन के अनुसार, नितिन नवीन 20 जून को अमृतसर पहुंचेंगे और अपने दौरे की शुरुआत श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेककर करेंगे. इसके बाद वह ऐतिहासिक जलियांवाला बाग का दौरा कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और फिर श्री दुर्गियाना मंदिर और श्री राम तीर्थ मंदिर में जाकर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे. वह शाम को जालंधर पहुंचेंगे, जहां भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उनका भव्य स्वागत करेंगे. इसको लेकर तैयारियां की जा रही हैं.

भाजपा अध्यक्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद वह लुधियाना जाएंगे, जहां डुगरी रोड स्थित भाजपा के जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे. साथ ही उप-मंडल प्रभारियों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक करेंगे. शाम को वह उद्योगपतियों और व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगे.

दौरे के अंतिम दिन 22 जून को नितिन नवीन सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों और युवा प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. इस दौरान एक युवा सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा. इसके अलावा भाजपा पंजाब के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और प्रदेश कोर ग्रुप के साथ अलग-अलग बैठकें भी प्रस्तावित हैं.

अनिल सरीन ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा पंजाब में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को नई गति देगा और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच भाजपा की पहुंच को और मजबूत करेगा. उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर उत्साह है और सभी उनके दौरे को सफल बनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं.

एएमटी/डीकेपी