जम्मू संभाग के अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती इलाकों में बैसाखी का उत्सव, किसानों ने फसलों की कटाई शुरू की

जम्मू, 13 अप्रैल . जम्मू के मारह ब्लॉक में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांवों में किसानों ने बैसाखी का त्योहार बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया. इस अवसर पर किसानों ने ढोल की थाप पर नाचकर और एक-दूसरे के साथ मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जताई.

इसके साथ ही, पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा को निभाते हुए किसानों ने बैसाखी के शुभ अवसर पर अपनी फसलों की कटाई भी शुरू कर दी. स्थानीय निवासियों का कहना है कि किसान इस दिन का बेसब्री से इंतजार करते हैं और ईश्वर का नाम लेकर कटाई शुरू करते हैं.

किसान यशपाल चंद्र ने समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि आज बहुत खुशी का दिन है. सभी लोग फसल काटने के लिए इकट्ठा हुए हैं. अनाज बेचकर हम लोग परिवार का खर्च चलाते हैं. दो-तीन दिन पहले बारिश होने से लोग दुखी थे, लेकिन अब मौसम साफ है. भगवान का शुक्रिया अदा करते हैं कि फसल काटते समय बारिश नहीं हो रही है. हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि हमारी फसल घर जानी चाहिए. फसल तैयार हो गई है. हम अपना त्योहार मना रहे हैं.

किसान राजकुमार ने कहा कि हम लोग काफी खुश हैं. पिछली बार हम लोगों ने पंडित बुलाकर पूजा कराई थी. बीते दिनों में बारिश होने से घबराहट हो रही थी, लेकिन अब हम काफी खुश हैं. हम लोगों ने ढोल बजाकर डांस किया है. फसल बेच कर पैसे लाकर हम परिवार की परेशानी दूर करेंगे.

सरपंच ने कहा कि लोग मुझे बुलाकर बैशाखी के दिन कटाई का शुभारंभ कराते हैं. सभी लोग ढोल-नगाड़े और मंत्रोच्चार के साथ कटाई शुरू की है. सभी लोगों काफी उत्साहित हैं.

एसडी/डीकेपी