
लंदन, 28 अप्रैल . वेस्ट लंदन क्लब आर्सेनल ने दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई महिला फुटबॉलर स्टेफ कैटली के साथ कॉन्ट्रैक्ट रिन्यूअल की घोषणा की है, जो बीते 6 वर्षों से क्लब की डिफेंस लाइन का अहम हिस्सा रही हैं.
स्टेफ कैटली जुलाई 2020 में मेलबर्न सिटी से आकर इस इंग्लिश क्लब में शामिल हुई थीं. उन्होंने गनर्स के लिए 165 मैच खेले, जिसमें चार गोल किए और साथ ही इन वर्षों में टीम की डिफेंस में भी अहम भूमिका निभाई है.
32 वर्षीय डिफेंडर ने आर्सेनल में अपने समय के दौरान दो लीग कप खिताब (यूईएफए विमेंस चैंपियंस लीग और फीफा चैंपियंस कप) जीता है. पिछले सीजन में उस ऐतिहासिक यूरोपीय जीत में स्टेफ ने अहम भूमिका निभाई थी, उन्होंने इस टूर्नामेंट के सभी पांच नॉकआउट मुकाबलों में शुरुआत की और फाइनल में बार्सिलोना को हराते हुए ‘क्लीन शीट’ (बिना कोई गोल खाए मैच जीतना) बनाए रखने में मदद की.
स्टेफ के शानदार 2024/25 सीजन के कारण उन्हें 2025 में बैलन डी’ओर के लिए नॉमिनेशन मिला, जबकि इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने 2025, 2024 और 2020 में अपने देश का पीएफए महिला फुटबॉलर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भी जीता.
कॉन्ट्रैक्ट पर साइन करने के बाद स्टेफ कैटली ने कहा, “मुझे बहुत अच्छा लग रहा है. सच कहूं तो, मैं कहीं और नहीं जाना चाहती थी. कोच और क्लब का मुझ पर इतना भरोसा करना हमेशा ही अच्छा लगता है. यह फैसला लेना बहुत ही आसान था. यह सफर कई उतार-चढ़ावों से भरा रहा है. मुझे याद है कि जब मैं पहली बार इस क्लब में आई थी, तो अपने पहले ही ट्रेनिंग सेशन में घायल हो गई थी. उसके बाद, पूरे सीजन मैं लगभग बाहर ही रही, अलग-अलग चोटों से जूझती रही, और मुझे घर से बहुत दूर होने का एहसास होता था. बिल्कुल नई टीम, नया देश, सब कुछ नया था.”
उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि बहुत से फुटबॉलर यह कह सकते हैं कि कोई क्लब सचमुच उनके लिए घर जैसा है, लेकिन मेरे लिए यह बात बिल्कुल सच है. मुझे यह कहते हुए बहुत खुशी और गर्व महसूस होता है. साथ ही, मुझे उन रिश्तों पर भी गर्व है जो मैंने यहां बनाए, और इस बात पर भी कि क्लब का पूरा समर्थन मेरे साथ है, जिसकी वजह से मैं आज भी यहां हूं.”
मेलबर्न में जन्मी स्टेफ पिछले 14 वर्षों से ऑस्ट्रेलिया की सीनियर खिलाड़ी रही हैं. उन्होंने जून 2012 में, 18 साल की उम्र में, ‘मैटिल्डास’ के लिए अपना सीनियर डेब्यू किया था. स्टेफ ने 146 बार अपने देश का प्रतिनिधित्व किया है और 7 गोल किए हैं.
–
आरएसजी
Skip to content