
Mumbai , 25 मई . डिजिटल मनोरंजन की दुनिया में आने वाली म्यूजिकल मिनी सीरीज ‘सेवन एंड ए हाफ डेट्स’ काफी चर्चा में है. यह सीरीज रोमांस, इमोशन्स और म्यूजिक को एक साथ जोड़कर दर्शकों को एक नया अनुभव देने की कोशिश करती है. इसमें हर गाना कहानी और किरदारों की भावनाओं को आगे बढ़ाने का काम करता है. इस सीरीज में ‘प्यार मेरा’ गाने को प्लेबैक सिंगर असीस कौर ने अपनी आवाज दी है.
असीस कौर ने कहा, ”यह गाना इंसानी रिश्तों की नर्मी, भावनात्मक कमजोरी और दिल के जुड़ाव को बहुत खूबसूरती से दिखाता है. इस गाने में प्यार के उस एहसास को दिखाने की कोशिश की गई है, जहां इंसान खुद को पूरी तरह किसी के सामने खोल देता है.”
असीस कौर ने आगे कहा, ”इसी मिनीसीरीज का हिस्सा बनना मेरे लिए एक बेहद खास अनुभव रहा. इस प्रोजेक्ट में म्यूजिक और कहानी को जिस तरीके से जोड़ा गया है, वह काफी अलग और नया है. आमतौर पर फिल्मों और सीरीज में गाने कहानी के बीच आते हैं, लेकिन यहां म्यूजिक खुद कहानी का हिस्सा बन गया है. ‘प्यार मेरा’ केवल एक रोमांटिक गाना नहीं है, बल्कि यह दो लोगों के रिश्ते की भावनात्मक गहराई को समझाने का जरिया भी है.”
इस गाने को असीस कौर ने गोल्डी सोहेल के साथ मिलकर गाया है. वहीं इस सीरीज में करण वाही और सुरभि ज्योति मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. यह मिनीसीरीज यूट्यूब पर रिलीज होगी.
यह मिनीसीरीज कुल आठ एपिसोड में दिखाई जाएगी. इसकी कहानी दो ऐसे लोगों के इर्द-गिर्द घूमती है जो रिश्तों, भावनाओं, दिल टूटने, भरोसे और खुद को दोबारा संभालने जैसी परिस्थितियों से गुजरते हैं.
इस प्रोजेक्ट के गानों में कई और कलाकारों ने भी अपनी आवाज दी है. ‘दुनिया’ और ‘चांदनी रात’ जैसे गाने हंसिका पारीक ने गाए हैं, जबकि ‘ढोलना’ को गोल्डी सोहल ने आवाज दी है. वहीं ‘आए क्यों थे’ गाने को सिमरन चौधरी ने गाया है.
–
पीके/एबीएम
Skip to content