‘एआई महिलाओं की जिंदगी कर रहा बर्बाद’, खुशी दुबे की ‘सर्विस गर्ल’ दिखाएगी साइबर क्राइम की असली सच्चाई

Mumbai , 30 जुलाई . आज के डिजिटल जमाने में टेक्नोलॉजी जितनी आसान हुई है, उतने ही नए खतरे भी सामने आए हैं. खासकर महिलाओं के लिए social media और एआई का गलत इस्तेमाल एक बड़ा मुद्दा बन गया है. डीपफेक, फेक वीडियो और फोटो के जरिए लड़कियों को ब्लैकमेल करने की घटनाएं आए दिन सुनने को मिलती हैं. इसी गंभीर मुद्दे को लेकर एक नई वेब सीरीज ‘सर्विस गर्ल’ आ रही है.

इस सीरीज में टीवी और वेब की जानी-मानी एक्ट्रेस खुशी दुबे लीड रोल निभा रही हैं. को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि ‘सर्विस गर्ल’ सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिए नहीं है, बल्कि यह समाज को आईना दिखाने की कोशिश है.

खुशी ने सबसे पहले एआई साइबर क्राइम की गंभीरता पर बात की. उन्होंने कहा, ”ये समस्या अब बहुत बड़ी हो गई है और इसका शिकार ज्यादातर युवा लड़कियां बन रही हैं. हमारी वेब सीरीज का मकसद यही है कि लोगों को इस खतरे के बारे में पता चले.”

खुशी कपूर ने कहा, ”आजकल एआई की मदद से किसी की भी फेक तस्वीरें और वीडियो बनाना बहुत आसान हो गया है. हम अक्सर न्यूज में पढ़ते हैं कि किसी लड़की की फेक बोल्ड फोटो वायरल कर दी गई. उसकी शादी टूट गई, नौकरी चली गई, या समाज ने उसे जीने नहीं दिया. दुख की बात ये है कि कुछ लड़कियों ने तो इस सदमे की वजह से अपनी जान तक दे दी. ये सिर्फ एक खबर नहीं है. ये हकीकत है. ‘सर्विस गर्ल’ इसी हकीकत को दिखाने की कोशिश करती है. साथ ही यह भी दिखाती है कि अगर हिम्मत हो तो इंसान इस अंधेरे से बाहर निकल सकता है. मेरा किरदार उसी हिम्मत और जज्बे की कहानी है.’

खुशी सीरीज में दिव्या नाम की लड़की का किरदार निभा रही हैं. दिव्या की कहानी लाखों भारतीय लड़कियों की कहानी है.

खुशी ने अपने किरदार के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने कहा, ”मैं दिव्या का रोल कर रही हूं. दिव्या एक सीधी और सिंपल लड़की है. उसकी शादी कम उम्र में हो जाती है. वो अपनी गृहस्थी में खुश है. लेकिन एक दिन उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है. कोई शख्स एआई टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके उसकी फेक और अश्लील तस्वीरें और वीडियो बना देता है. वो वीडियो वायरल हो जाते हैं. परेशानी ये है कि वो वीडियो असली नहीं हैं, लेकिन देखने वाले को लगता है कि ये सच है. दिव्या बार-बार कहती है कि यह मैं नहीं हूं, लेकिन कोई उसकी बात नहीं सुनता. समाज उसे गलत समझता है. रिश्तेदार सवाल करते हैं. उसकी इज्जत मिट्टी में मिल जाती है.”

खुशी ने बताया, “इस किरदार को निभाना आसान नहीं था. इसके लिए मुझे रिसर्च करनी पड़ी और असल जिंदगी को करीब से देखना पड़ा. मैं उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से हूं. मैंने अपने आसपास दिव्या जैसी कई महिलाओं को देखा है. जब कोई ऐसी घटना उनके साथ होती है तो वे टूट जाती हैं, लेकिन बोल नहीं पातीं. मैंने कोशिश की कि दिव्या स्क्रीन पर बिल्कुल असली लगे. उसके चलने, बोलने और रिएक्ट करने का तरीका प्रयागराज की महिलाओं जैसा ही हो.”

खुशी ने आगे कहा, ”जब मुझे ‘सर्विस गर्ल’ की स्क्रिप्ट मिली तो मैंने तुरंत हां कह दिया. इसकी वजह ये थी कि ये कहानी गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर है. आज के समय में हर घर में फोन है, इंटरनेट है. लेकिन लोगों को पता नहीं कि इसका गलत इस्तेमाल कितना खतरनाक हो सकता है. दिव्या का किरदार बहुत चैलेंजिंग था. पहले वो एक मासूम बहू है, फिर उसके साथ हादसा होता है, वो टूटती है, और फिर वो उठकर लड़ती है. इस पूरे ग्राफ को परफॉर्म करना मेरे लिए एक सीखने जैसा अनुभव था. मैं चाहती हूं कि दर्शक स्क्रीन पर दिव्या को देखें और उससे जुड़ाव महसूस करें. मुझे उम्मीद है कि लोग इस शो को देखेंगे और समझेंगे कि एआई का गलत इस्तेमाल कितना खतरनाक है.”

‘सर्विस गर्ल’ में खुशी के साथ मालबिका बनर्जी और निषाद वैद्य भी अहम भूमिका में हैं. ये वेब सीरीज हंगामा ओटीटी पर उपलब्ध है.

पीके/डीएससी