जेल से छूटने के बाद दबंगों का टोल प्लाजा पर आतंक, बैरियर तोड़ा; कर्मचारियों से मारपीट

ग्रेटर नोएडा, 11 जून . गौतमबुद्ध नगर के दादरी क्षेत्र स्थित लुहारली टोल प्लाजा पर दबंगों की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है. बुलंदशहर जेल से कुछ लोगों के छूटने के बाद उनके समर्थकों का काफिला जब लुहारली टोल प्लाजा पहुंचा तो वहां जमकर हंगामा हुआ.

आरोप है कि कई गाड़ियों में सवार दबंग बिना टोल शुल्क दिए ही आगे बढ़ने लगे और विरोध करने पर टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई. पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे cctv कैमरों में कैद हो गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई वाहनों का काफिला हूटर बजाते हुए टोल प्लाजा पहुंचा. टोल कर्मचारियों ने जब नियमानुसार टोल शुल्क जमा करने के लिए कहा तो वाहन सवार लोगों ने दबंगई दिखानी शुरू कर दी.

आरोप है कि उन्होंने टोल बैरियर को तोड़ते हुए जबरन वाहनों को निकाल लिया. इस दौरान कर्मचारियों द्वारा विरोध किए जाने पर उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई, जिससे टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही थाना दादरी Police मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

Police द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 10 जून को थाना दादरी क्षेत्र के अंतर्गत लुहारली टोल प्लाजा पर 5 से 6 गाड़ियां बिना टोल दिए निकलने का प्रयास कर रही थीं. टोल कर्मियों द्वारा रोके जाने पर वाहन सवार व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की. Police ने टोल मैनेजर की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है.

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और cctv फुटेज के आधार पर घटना में इस्तेमाल दो वाहनों, एक स्कॉर्पियो और एक ब्रेजा, को कब्जे में ले लिया गया है. इसके अलावा मामले में नामजद और प्रकाश में आए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

Police का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

पीकेटी/डीएससी