आदिवी शेष अब करेंगे रोमांस, दो नई रोमांटिक फिल्मों का ऐलान कर बोले- ‘एक ही जोन में नहीं रहना चाहता’

Mumbai , 5 मई . फिल्म Actor अदिवी शेष ने इंडस्ट्री में अपनी पहचान एक्शन और थ्रिलर फिल्मों के दम पर बनाई है. हाल ही में वह फिल्म ‘डकैत’ में नजर आए, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया. अब वह अपने करियर में एक नया मोड़ लेते हुए रोमांटिक फिल्मों की ओर रुख कर रहे हैं. उन्होंने दो नई रोमांटिक फिल्मों को साइन किया है. बताया जा रहा है कि ये फिल्में उनके अभिनय के एक बिल्कुल अलग पहलू को दर्शकों के सामने लाने वाली हैं.

इन दो फिल्मों में से पहली फिल्म का निर्देशन साई मार्तंड कर रहे हैं, जिन्होंने अपनी पहली तेलुगु फिल्म ‘लिटिल हार्ट्स’ से बड़ी सफलता हासिल की थी. इस फिल्म की कामयाबी के बाद अब दर्शकों को उनकी अगली फिल्म से भी काफी उम्मीदें हैं. ऐसे में आदिवी शेष का इस प्रोजेक्ट से जुड़ना इसे और खास बना देता है. कहा जा रहा है कि यह फिल्म एक लव स्टोरी होगी.

अपने हालिया प्रोजेक्ट ‘डकैत’ के बारे में बात करते हुए आदिवी शेष ने कहा, ”यह फिल्म मेरे लिए बेहद खास रही है. इस फिल्म को दर्शकों से जो प्यार मिला, वह मेरे लिए बहुत मायने रखता है. मैं एक Actor के तौर पर खुद को किसी एक तरह के किरदार में सीमित नहीं रखना चाहता. मेरा मानना है कि कलाकार को हमेशा नई चुनौतियों को स्वीकार करना चाहिए और खुद को अलग-अलग भूमिकाओं में आजमाना चाहिए.”

शेष ने आगे कहा, ”पिछले कुछ सालों में मैंने ज्यादा एक्शन और गंभीर विषयों पर आधारित फिल्मों में काम किया है. इन फिल्मों को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, जिसके लिए मैं हमेशा लोगों का आभारी रहूंगा. फैंस से मिल रहे प्यार के कारण मेरे मन में अब कुछ अलग करने की इच्छा जाग रही है.”

उन्होंने कहा, ”इन इच्छाओं के चलते मैं अब रोमांटिक कहानियों की ओर बढ़ा हूं. मैं एक ही जोन में नहीं रहना चाहता. मुझे अब ऐसी कहानियां ज्यादा पसंद आ रही हैं जो दिल से जुड़ी हों और जिनमें भावनाओं की गहराई हो. अगर रोमांस को सही तरीके से प्रस्तुत किया जाए, तो यह दर्शकों के दिल को छू सकता है और उन्हें अपनी जिंदगी से जोड़ सकता है. यही कारण है कि मैंने इन दो नई फिल्मों को करने का फैसला लिया.”

इन फिल्मों के बारे में बात करते हुए शेष ने कहा, ”दोनों कहानियां एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं. ये सिर्फ साधारण प्रेम कहानियां नहीं हैं, बल्कि इनमें इंसान की भावनाएं, उनकी कमजोरियां और उनके फैसलों को गहराई से दिखाया जाएगा. ये फिल्में रिश्तों की सच्चाई को दर्शाने की कोशिश करेंगी, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर सकती हैं. एक Actor के तौर पर मैं इस तरह की भूमिकाओं को निभाने के लिए बेहद उत्साहित हूं.”

पीके/एएस