‘गजरा’ में सच्ची घटना पर आधारित किरदार निभाएंगी अदा शर्मा, बोलीं-‘असल जिंदगी कई बार फिल्मों से भी ज्यादा नाटकीय होती है’

Mumbai , 17 जुलाई . हिंदी, तेलुगु और अन्य भाषाओं की फिल्मों में दमदार पहचान बनाने वाली Actress अदा शर्मा इन दिनों अपनी नई मराठी फिल्म ‘गजरा’ को लेकर चर्चा में हैं. इस फिल्म के जरिए वह पहली बार मराठी सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं. उनकी यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित है. इस पर अदा का कहना है कि जब किसी वास्तविक घटना को बड़े पर्दे पर उतारा जाता है, तो कलाकार और फिल्म निर्माता दोनों की जिम्मेदारी कई गुना बढ़ जाती है. ऐसी कहानियों का उद्देश्य उन लोगों के दर्द और संघर्ष को लोगों तक पहुंचाना होता है.

से बातचीत के दौरान अदा शर्मा ने सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्मों को लेकर अपनी राय खुलकर साझा की. उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति के वास्तविक अनुभव या दर्द को पर्दे पर दिखाया जाता है, तो उस कहानी के साथ संवेदनशीलता बरतना बेहद जरूरी होता है. दर्शकों पर असर डालने के लिए किसी की पीड़ा को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाना सही तरीका नहीं है.

अदा ने कहा, ”जब आप वास्तविक घटनाओं से जुड़ी कोई कहानी बताते हैं, तो उसके साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी आती है. हमारा मकसद लोगों को चौंकाना नहीं होता, बल्कि उन्हें यह समझाना होता है कि कहानी के किरदार किन परिस्थितियों और भावनाओं से गुजर रहे हैं. अगर दर्शक किसी किरदार के दर्द और भावनाओं को महसूस कर पाते हैं, तभी ऐसी कहानी अपने उद्देश्य में सफल मानी जा सकती है.”

Actress ने आगे कहा, ”एक Actor के तौर पर हम किसी और की जिंदगी में कुछ समय के लिए मेहमान बनते हैं. इसलिए हमारी कोशिश रहती है कि उस व्यक्ति की भावनाओं और अनुभवों को जितना हो सके, उतनी ईमानदारी और सच्चाई के साथ पर्दे पर पेश करें.”

अदा शर्मा ने कहा, ”कई बार वास्तविक जिंदगी में होने वाली घटनाएं फिल्मों से भी ज्यादा नाटकीय होती हैं. लोग अक्सर सोचते हैं कि फिल्मों में कहानी को प्रभावशाली बनाने के लिए बहुत कुछ जोड़ा जाता है, लेकिन सच्ची घटनियों पर आधारित फिल्मों में कई बार ठीक इसका उल्टा करना पड़ता है.”

बता दें कि ‘गजरा’ फिल्म का निर्देशन श्रेयस जाधव कर रहे हैं. फिल्म की कहानी और विषय को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. निर्माताओं के अनुसार, ‘गजरा’ साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

पीके/पीएम