‘आदर्श बाल विद्यालय’ में सख्त शिक्षक बनेंगे अभिमन्यु सिंह, बोले- ‘डर नहीं, जिंदगी के लिए तैयार करना ही असली अनुशासन’

Mumbai , 17 जुलाई . Actor अभिमन्यु सिंह ने अब तक पर्दे पर ज्यादातर दमदार, खतरनाक और प्रभावशाली किरदार निभाकर अलग पहचान बनाई है. इस बार वह दर्शकों के सामने बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं. अपनी अपकमिंग वेब सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ में अभिमन्यु एक सख्त शिक्षक की भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने बताया कि यह उनके अब तक निभाए गए सभी किरदार से अलग है.

अभिमन्यु ने कहा, ”मैंने करियर में कई दमदार और सख्त किरदार निभाए हैं, लेकिन एक शिक्षक की भूमिका निभाने की जिम्मेदारी बिल्कुल अलग होती है. मेरे किरदार का मानना है कि अनुशासन का मतलब बच्चों में डर पैदा करना नहीं है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास, ईमानदारी और मजबूती के साथ जिंदगी का सामना करने के लिए तैयार करना है.”

उन्होंने आगे कहा, ”मेरा किरदार बाहर से भले ही सख्त नजर आता हो, लेकिन उसके हर फैसले के पीछे छात्रों का बेहतर भविष्य छिपा है. मुझे लगता है कि हम सभी की जिंदगी में एक ऐसा शिक्षक जरूर रहा होगा, जिससे हम स्कूल के दिनों में डरते थे, लेकिन बाद में एहसास हुआ कि उसी ने हमें सबसे ज्यादा सीख दी. यही इस किरदार की असली भावना है और मुझे उम्मीद है कि दर्शक इससे खुद को जोड़ पाएंगे.”

वेब सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ में Actor केके. मेनन मुख्य भूमिका में हैं. वह इसमें ज्ञानेश्वर त्रिपाठी नाम के एक हेडमास्टर का किरदार निभा रहे हैं, जो बेफिक्र, चतुर और परिस्थितियों को अपने पक्ष में मोड़ने वाला व्यक्ति है. उसमें अपनी खूबियां भी हैं और कमियां भी.

केके. मेनन ने अपने किरदार के बारे में कहा, “मैंने अपने करियर में कई तरह के रोल निभाए, जिसमें इंटेलिजेंस ऑफिसर, राजनेता और अपराधी जैसे रोल्स शामिल हैं, लेकिन पहली बार मैं हेडमास्टर की भूमिका निभा रहा हूं. मेरा किरदार बहुत तेज दिमाग वाला और समझदार है. वह हर परिस्थिति को अपने पक्ष में मोड़ना जानता है. लेकिन, वह लापरवाह व्यक्ति है. यही अलग-अलग परतें इस किरदार को मेरे लिए बेहद खास बनाती हैं.”

अभिमन्यु सिंह और केके. मेनन के अलावा सीरीज में ज्ञानेश्वर त्रिपाठी, अर्चना पूरन सिंह, नवीन कस्तूरिया, देवेन भोजानी और प्रसन्ना बिष्ट जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.

‘आदर्श बाल विद्यालय’ का निर्देशन हिमांक गौर ने किया है. यह सात-एपिसोड की सीरीज है, जो 24 जुलाई से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी.

पीके/एबीएम