झारखंड: लातेहार में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर ने बाइक और सवारी टेंपो को कुचला, सात की मौत

लातेहार, 15 अगस्त . Jharkhand के लातेहार जिले में Saturday को एक भीषण सड़क हादसे में करीब सात लोगों की मौत हो गई. हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दुर्घटना चंदवा थाना क्षेत्र में लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर लुकुईया घाटी के समीप हुई.

जानकारी के मुताबिक, लोहरदगा की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर पहले एक मोटरसाइकिल से टकराया. इसके बाद कंटेनर सड़क पर चल रहे यात्रियों से भरे एक सवारी टेंपो के ऊपर पलट गया. कंटेनर के नीचे बाइक और टेंपो के दब जाने से मौके पर चीख-पुकार मच गई.

हादसा इतना भीषण था कि टेंपो और बाइक पूरी तरह कंटेनर के नीचे दब गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया. घटना की सूचना मिलने पर Police और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची.

भारी कंटेनर को हटाने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली गई. कंटेनर और क्षतिग्रस्त वाहनों के नीचे दबे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. घायलों को तत्काल चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

बताया गया है कि टेंपो में सवार लोग लातेहार थाना क्षेत्र के सांसंग इलाके से लोहरदगा के चपरी जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से यह हादसा हो गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई.

Police ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम शुरू किया, ताकि मार्ग पर यातायात सामान्य किया जा सके. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर कंटेनर की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है. हादसे की सूचना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. Police मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है.

एसएनसी/डीकेपी