
जींद, 11 सितंबर . जींद में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए GST विभाग के ईटीओ और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई अमन नाम के शिकायतकर्ता की शिकायत पर की गई.
जानकारी के अनुसार, GST चोरी के एक मामले में फर्म को 75 लाख रुपये का नोटिस दिया गया था. इस नोटिस की कार्रवाई को रोकने के लिए आरोपी 5 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे, जिसमें से 3 लाख रुपये एडवांस के तौर पर मांगे गए थे.
एसीबी इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने को बताया, “हमें अमन नाम के व्यक्ति से शिकायत प्राप्त हुई थी कि सीए अजय शर्मा और देवांश साहू, ईटीओ GST अधिकारी ने साथ मिलकर 75 लाख रुपये का नोटिस भेजा और कार्रवाई रोकने के लिए 5 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई. हमने मामले की इन्क्वायरी की तो मामला सच पाया गया. उसके बाद हमने एक टीम का गठन किया. 3 लाख रुपये लेते हुए अजय शर्मा सीए को मौके से गिरफ्तार किया गया. इस कार्रवाई में एसीबी की टीम के साथ दीपांश शर्मा, एसडीओ खनन विभाग और अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
शिकायतकर्ता अमन ने बताया कि यह मामला GST चोरी का था. सीए के जरिए मेरे पास कॉल आती थी कि आपको पांच लाख रुपये देने पड़ेंगे और 75 लाख रुपये का इन्होंने मेरा नोटिस निकाला था. मेरा ट्रेडिंग का काम है. मुझे करीब डेढ़ महीने से ब्लैकमेल कर रहे थे. मैंने फिर आज यह सोचा कि इन्हें रिश्वत न देकर इनको पकड़वाऊं. मौके पर मैंने तीन लाख रुपये दिए और दो लाख रुपये दो-तीन दिन के बाद देने को कहा था.
एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर सीए अजय शर्मा को 3 लाख रुपये की रिश्वत के साथ गिरफ्तार कर लिया. मामले में GST अधिकारी की भूमिका की भी जांच की जा रही है. एसीबी ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
–
पीआईएम/पीएम
Skip to content