महिला टी20 विश्व कप में खेलने वालीं 5 सबसे उम्रदराज खिलाड़ी, एक भारतीय नाम भी लिस्ट में शामिल

New Delhi, 11 जून . महिला टी20 विश्व कप की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. 12 जून से इंग्लैंड की धरती पर टूर्नामेंट का आगाज होना है. पहले मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड की भिड़ंत श्रीलंका के साथ होनी है. आइए आपको महिला टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वालीं 5 सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों के नाम बताते हैं.

उदेशिका प्रबोधनी: श्रीलंका की तेज गेंदबाज उदेशिका प्रबोधनी महिला टी20 विश्व कप में खेलने वालीं सबसे उम्रदराज खिलाड़ी रही हैं. उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में 40 साल की उम्र में हिस्सा लिया था. वह श्रीलंका की ओर से अब तक खेले गए हर विश्व कप में टीम का हिस्सा रही हैं. 106 टी20 मुकाबलों के अपने करियर में वह 84 विकेट निकाल चुकी हैं. हालांकि, टी20 विश्व कप 2026 के लिए उन्हें टीम में नहीं चुना गया है.

इनोका रणवीरा: श्रीलंका की स्पिन गेंदबाज इनोका रणवीरा महिला टी20 विश्व कप में खेलने वालीं दूसरी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी रही हैं. साल 2024 में हुए टी20 विश्व कप में इनोका ने 38 साल की उम्र में हिस्सा लिया था. इनोका ने श्रीलंका की तरफ से अब तक 91 टी20 मुकाबले खेले हैं और इस दौरान 97 विकेट चटकाए हैं.

सूजी बेट्स: न्यूजीलैंड की अनुभवी खिलाड़ी सूजी बेट्स महिला टी20 विश्व कप में 37 साल की उम्र में हिस्सा रहीं हैं. बेट्स ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कीवी टीम को चैंपियन बनाने में अहम किरदार भी निभाया था. बेट्स पहले ही ऐलान कर चुकी हैं कि टी20 विश्व कप 2026 के बाद वह इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लेंगी.

एफी फ्लेचर: वेस्टइंडीज की स्पिन गेंदबाज एफी फ्लेचर महिला टी20 विश्व कप में खेलने वालीं संयुक्त रूप से तीसरी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी रही हैं. फ्लेचर ने 37 साल की उम्र में टी20 वर्ल्ड कप 2024 में हिस्सा लिया था. फ्लेचर की गिनती कैरेबियाई टीम की सबसे बेहतरीन स्पिन गेंदबाजों में की जाती है और वह अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलट सकती हैं.

हरमनप्रीत कौर: भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर टी20 विश्व कप में खेलने वालीं चौथी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी रही हैं. हरमनप्रीत ने टी20 विश्व कप 2024 में 35 साल की उम्र में हिस्सा लिया था. हालांकि, इस वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन बल्ले से कुछ खास नहीं रहा था. हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय टीम भी ग्रुप स्टेज में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी. वहीं, न्यूजीलैंड की स्टार खिलाड़ी सोफी डिवाइन भी 35 साल की उम्र में टी20 विश्व कप 2024 का हिस्सा रही थीं.

एलिसा पेरी: ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज ऑलराउंडर एलिसा पेरी महिला टी20 विश्व कप में खेलने वालीं पांचवीं सबसे उम्रदराज खिलाड़ी रही हैं. 2024 में हुए टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने 33 साल की उम्र में हिस्सा लिया था. पेरी के नाम इस मेगा इवेंट में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड भी दर्ज है. हालांकि, इस विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था.

एसएम/एएस