
New Delhi, 11 नवंबर भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस बेतवा की ताकत और मारक क्षमता बढ़ाने के लिए उसे आधुनिक रूप दिया जाएगा. रक्षा मंत्रालय ने इसके लिए कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के साथ 498.58 करोड़ रुपए का अनुबंध किया है. इस परियोजना के तहत युद्धपोत की पुरानी भाप आधारित प्रणोदन ( प्रोपल्शन) प्रणाली को हटाकर उसकी जगह आधुनिक डीजल इंजन आधारित प्रणाली लगाई जाएगी. इसके साथ ही जहाज के हथियारों को भी आधुनिक बनाया जाएगा.
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में 11 नवंबर को New Delhi में इस अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए हैं. इसके तहत भारतीय नौसेना के ब्रह्मपुत्र श्रेणी के युद्धपोत आईएनएस बेतवा की सामान्य मरम्मत और प्रणोदन प्रणाली का नवीनीकरण किया जाएगा. रक्षा मंत्रालय के अनुसार इस परियोजना में युद्धपोत की प्रणोदन प्रणाली में बड़ा बदलाव किया जाएगा. अभी आईएनएस बेतवा भाप आधारित प्रणाली से संचालित होता है. इसे बदलकर डीजल इंजन आधारित प्रणोदन प्रणाली से लैस किया जाएगा. इस बदलाव से जहाज की संचालन व्यवस्था को आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी.
इसके अलावा, युद्धपोत की लड़ाकू क्षमता बढ़ाने के लिए उसमें आधुनिक हथियार प्रणाली भी लगाई जाएगी. हथियारों के आधुनिकीकरण और प्रणोदन प्रणाली में बदलाव से आईएनएस बेतवा की परिचालन क्षमता और प्रभावशीलता में सुधार होगा. यह परियोजना केवल एक युद्धपोत के आधुनिकीकरण तक सीमित नहीं है. इससे देश में युद्धपोतों की मरम्मत और रखरखाव से जुड़ी स्वदेशी क्षमता को भी बढ़ावा मिलेगा. खासतौर पर जहाजों की प्रणोदन प्रणाली में जटिल बदलाव करने और नौसैनिक प्लेटफॉर्म को आधुनिक बनाने के क्षेत्र में भारतीय उद्योग की तकनीकी क्षमता मजबूत होगी.
रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इस काम में 50 से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के शामिल होने की उम्मीद है. इससे भारतीय जहाज निर्माण उद्योग और उससे जुड़े सहायक उद्योगों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार 498.58 करोड़ रुपए की यह परियोजना आत्मनिर्भर India और मेक इन इंडिया की सोच को आगे बढ़ाने के साथ देश की स्वदेशी नौसैनिक मरम्मत और रखरखाव क्षमता को मजबूत करेगी. इससे भविष्य में भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के जटिल आधुनिकीकरण कार्य देश में ही करने की क्षमता विकसित करने में मदद मिलेगी.
–
जीसीबी/पीएम
Skip to content