
New Delhi, 25 अक्टूबर . इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन 25 साल बाद अपने घरेलू काउंटी क्रिकेट क्लब लंकाशायर से अलग होंगे. क्लब ने उन्हें बताया है कि 2026 सीजन खत्म होने के बाद एंडरसन को अब नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं दिया जाएगा.
एंडरसन ने टीम छोड़ने पर निराशा जताई. social media पर एक बयान जारी करते हुए उन्होंने कहा कि अगर यह उनके हाथ में होता, तो चीजें इस तरह खत्म नहीं होतीं. उन्होंने लिखा, “मैं बचपन से ही लंकाशायर को सपोर्ट करता आ रहा हूं, इसलिए उनके लिए 25 साल तक खेलना मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा था.”
एंडरसन ने अपने social media पर लिखा, “ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर खेलने के लिए उतरना हमेशा से मेरे लिए बहुत खास रहा है. यहां से मेरी कई शानदार यादें जुड़ी हैं, जिसमें टीम की कप्तानी करने का सम्मान भी शामिल है. अगर यह मेरे हाथ में होता तो सफर का अंत इस तरह नहीं होता. फिर भी मैं टीम के खिलाड़ियों और फैंस को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं.”
पिछले Monday को हुई एक मीटिंग में लंकाशायर के नए क्रिकेट डायरेक्टर पॉल फारब्रेस और नए चीफ एग्जीक्यूटिव रिचर्ड केन्यन ने एंडरसन को बताया कि उन्हें नया कॉन्ट्रैक्ट नहीं दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि वह अपनी फर्स्ट-टीम स्क्वॉड को फिर से तैयार करना चाहते हैं.एंडरसन का इरादा अगले सीजन में भी खेलने का था, क्योंकि इस सीजन में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने 17.68 की औसत से 50 विकेट लिए थे और उन्हें लंकाशायर का ‘चैंपियनशिप प्लेयर ऑफ द ईयर’ भी चुना गया था.
एंडरसन के जाने की पुष्टि करते हुए फारब्रेस ने इस दिग्गज तेज गेंदबाज की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, “इसमें कोई शक नहीं कि जेम्स एंडरसन, लंकाशायर और इंग्लैंड द्वारा दिए गए अब तक के सबसे महान गेंदबाज हैं. अपने पूरे करियर में वह एक बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं. उनके पास असाधारण कौशल है और वह जिस भी ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहे, वहां उन्होंने हमेशा ऊंचे मानक स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता दिखाई है.”
उन्होंने आगे कहा, “Monday , 19 अक्टूबर को एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में जेम्स एंडरसन और रिचर्ड केन्यन के साथ हुई एक बैठक के बाद, मैंने एंडरसन से हमारी उस योजना के बारे में बात की, जिसके तहत हम अपनी पुरुष टीम को फिर से तैयार करना चाहते हैं. हमारा लक्ष्य है कि यह टीम काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन टू से प्रमोशन हासिल करे और अगले तीन से चार वर्षों में डिवीजन वन जीतने की चुनौती पेश करे.”
उन्होंने बताया कि क्लब एक नई टीम बनाने की कोशिश कर रहा है और एंडरसन को सूचित किया गया कि उन्हें अगले सीजन के लिए कोई कॉन्ट्रैक्ट नहीं दिया जाएगा. उन्होंने कहा, “हम अभी से इस पुनर्निर्माण प्रक्रिया को शुरू करने के लिए उत्सुक हैं चाहे वह खिलाड़ियों की टीम हो या पूरा पेशेवर क्रिकेट सेटअप और हम आने वाले महीनों में इसमें महत्वपूर्ण प्रगति करना चाहते हैं. इसी योजना के तहत मैंने एंडरसन को बताया कि हमने एक बेहद कठिन फैसला लिया है. 2027 सीजन के लिए उनके खेलने के कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा.’
पॉल फारब्रेस ने कहा, “मैं एंडरसन को उस हर चीज के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, जो उन्होंने अपने करियर के दौरान लंकाशायर क्रिकेट को दी है. क्लब के लिए उनका योगदान—मैदान के अंदर और बाहर—अभूतपूर्व रहा है और वह अपने पीछे एक शानदार विरासत छोड़ रहे हैं. उन्होंने जो कुछ भी हासिल किया है, उसके लिए हमारे मन में बहुत सम्मान है. हमें हमेशा इस बात पर गर्व रहेगा कि उन्होंने इतने वर्षों तक लंकाशायर का प्रतिनिधित्व किया है.”
एंडरसन का इंग्लैंड करियर भी 2024 में उनकी इच्छा के बिना समाप्त हो गया था. उस समय इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम और कप्तान बेन स्टोक्स ने यह तय किया था कि एंडरसन उनकी भविष्य की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं. एंडरसन टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. वह इस प्रारूप में सबसे सफल तेज गेंदबाज भी हैं, जिन्होंने 188 मैचों में 704 विकेट लिए हैं.
उन्होंने 2001 में लंकाशायर के लिए अपना डेब्यू किया था और उसके अगले साल उन्हें इंग्लैंड के लिए खेलने का मौका मिला. काउंटी के लिए उन्होंने 112 फर्स्ट-क्लास मैचों में 443 विकेट लिए हैं. इसके अलावा क्लब के लिए उन्होंने 61 लिस्ट-ए मैचों में 83 विकेट और 40 टी20 मैचों में 50 विकेट चटकाए.
–
एसएम/
Skip to content