
New Delhi, 10 नवंबर . भाजपा नेता अरविंदर सिंह लवली ने कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर किए गए दावों पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि 1984 की त्रासदी को किसी भी किताब के माध्यम से दोबारा नहीं लिखा जा सकता.
social media प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लवली ने कहा कि किताब में यह उल्लेख किया गया है कि दंगों के दौरान दिल्ली में सेना उपलब्ध नहीं थी, जबकि यह दावा आधिकारिक रिकॉर्ड से मेल नहीं खाता.
उन्होंने कहा, “1984 का दर्द सोनिया गांधी की किताब में दोबारा नहीं लिखा जा सकता. यह गलत कहा गया है कि नरसंहार के दौरान दिल्ली में सेना उपलब्ध नहीं थी. मिश्रा आयोग के रिकॉर्ड स्पष्ट बताते हैं कि दिल्ली में क्या हुआ था और दंगों को रोकने के लिए क्या नहीं किया गया.”
अरविंदर सिंह लवली ने दावा किया कि उस समय दिल्ली में सेना मौजूद थी, लेकिन उसे समय रहते तैनात नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों को सच्चाई और न्याय की जरूरत है, न कि इतिहास का नया संस्करण.
बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में सोनिया गांधी ने लिखा है कि तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल एएस वैद्य को इंदिरा गांधी की हत्या वाली रात ही सेना तैनात करने के आदेश मिल गए थे, लेकिन उन्होंने नजदीकी सैन्य इकाइयों को इसलिए नहीं बुलाया, क्योंकि उनमें बड़ी संख्या में सिख सैनिक थे और इससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका थी.
इसी मुद्दे को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता और भाजपा नेता एचएस फुल्का ने भी सोनिया गांधी के दावों पर सवाल उठाए थे और कहा था कि यह दावा मिश्रा आयोग तथा नानावती आयोग की रिपोर्टों से मेल नहीं खाता.
–
एएमटी/
Skip to content