
Mumbai , 20 नवंबर . हिंदी सिनेमा में जब भी शानदार डांस और कैबरे की बात होती है, तो सबसे पहले हेलन का नाम याद आता है. उनकी जिंदगी पर्दे पर दिखने वाली चमक-दमक से बिल्कुल अलग रही है. एक वक्त ऐसा भी था, जब उन्हें अपने परिवार के साथ जान बचाने के लिए बर्मा से India तक का सफर पैदल तय करना पड़ा था. करीब नौ महीने तक चले इस मुश्किल सफर में परिवार ने भूख, बीमारी और युद्ध की तबाही का सामना किया. जिस लड़की ने बचपन में जिंदगी का इतना मुश्किल दौर देखा, उसने आगे चलकर हिंदी सिनेमा में अपनी ऐसी पहचान बनाई कि उनके डांस नंबर फिल्म की पहचान बन गए.
हेलन का जन्म 21 नवंबर 1938 को बर्मा (अब म्यांमार) के रंगून में हुआ था. उनके पिता फ्रेंच थे, जबकि मां मार्लीन स्पेनिश-बर्मी मूल की थीं. द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापानी सेना ने बर्मा पर हमला कर दिया था. उस समय हेलन की उम्र महज तीन साल थी. परिवार के लिए वहां रहना मुश्किल हो गया था. ऐसे में उनकी मां ने बच्चों के साथ India आने का फैसला किया.
हेलन ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनका परिवार हवाई जहाज से निकलने की तैयारी कर रहा था, लेकिन एयरपोर्ट पर बमबारी होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा. बाद में मां ने दूसरे लोगों के साथ पैदल ही India की तरफ निकलने का फैसला किया.
इस सफर में हेलन, उनके छोटे भाई और मां साथ थे. उनकी मां उस समय गर्भवती भी थीं. करीब नौ महीने तक चले इस सफर में परिवार को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. रास्ते में खाने-पीने की कमी थी और कई लोग बीमारी और भूख के कारण रास्ते में ही छूट गए.
हेलन ने बताया था कि उनकी मां और वह खुद इतनी कमजोर हो गई थीं कि शरीर हड्डियों का ढांचा बनकर रह गया था. India पहुंचने के बाद परिवार असम के डिब्रूगढ़ पहुंचा और फिर कोलकाता आया. इस दौरान उनकी मां ने एक बच्ची को भी खो दिया. कुछ समय बाद हेलन के छोटे भाई की भी चेचक से मौत हो गई. इन घटनाओं ने उनके बचपन को काफी मुश्किल बना दिया.
कोलकाता में कुछ समय बिताने के बाद हेलन अपनी मां के साथ Mumbai आ गईं. यहां परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी. ऐसे में हेलन ने कम उम्र में ही काम करना शुरू कर दिया. परिवार की मदद करने के लिए उन्होंने फिल्मों में छोटे-मोटे काम करने शुरू किए. उनकी शुरुआत बतौर बैकग्राउंड डांसर हुई. साल 1951 में आईं ‘शबिस्तान’, ‘आवारा’ और ‘खजाना’ जैसी फिल्मों में वह कोरस डांसर के तौर पर नजर आईं. इसके बाद फिल्म ‘अलिफ लैला’ (1953) में उन्हें पहली बार अकेले डांस करने का मौका मिला.
साल 1957 में फिल्म ‘बारिश’ के गाने ‘मिस्टर जॉन या बाबा खान’ से हेलन को पहचान मिलने लगी. इसके अगले ही साल यानी 1958 में आई फिल्म ‘हावड़ा ब्रिज’ के गाने ‘मेरा नाम चिन चिन चू’ ने उन्हें रातों-रात मशहूर कर दिया. इस गाने में उनका डांस और अंदाज दर्शकों को इतना पसंद आया कि वह हिंदी सिनेमा की चर्चित डांसर्स में शामिल हो गईं. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा. ‘चाइना टाउन’, ‘तीसरी मंजिल’, ‘इंतकाम’ और ‘डॉन’ जैसी फिल्मों के लिए उनके डांस नंबर्स काफी पसंद किए गए.
हेलन ने सिर्फ डांस नंबर तक खुद को सीमित नहीं रखा. उन्होंने अभिनय में भी अपनी प्रतिभा दिखाई. फिल्म ‘हम हिंदुस्तानी’ (1960) में वह मुख्य भूमिका में नजर आईं. इसके अलावा ‘चा चा चा’, ‘वो कौन थी’ और ‘मेरे जीवन साथी’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने काम किया. साल 1975 में आई फिल्म ‘शोले’ का गाना ‘महबूबा महबूबा’ आज भी उनके सबसे चर्चित डांस नंबरों में गिना जाता है.
साल 1979 में फिल्म ‘लहू के दो रंग’ में अपने अभिनय के लिए हेलन को सर्वश्रेष्ठ सहायक Actress का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला. बाद के वर्षों में उन्होंने फिल्मों में कम काम किया और साल 1996 में संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘खामोशी: द म्यूजिकल’ से फिर पर्दे पर नजर आईं. इसके बाद ‘मोहब्बतें’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने काम किया.
हेलन की निजी जिंदगी भी कई उतार-चढ़ाव से गुजरी. उन्होंने पहले फिल्ममेकर प्रेम नारायण अरोड़ा से शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला. बाद में उन्होंने मशहूर पटकथा लेखक सलीम खान से शादी की.
–
पीके/एबीएम
Skip to content