
हिसार, 10 नवंबर . देशभर में 10 नवंबर को अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर मंदिरों में भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए गए और श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारों का आयोजन किया गया.
हिसार में भी अन्नकूट महोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. शहर के मोती बाजार स्थित हनुमान मंदिर में करीब 75 क्विंटल प्रसाद तैयार कर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया.
मंदिर में प्रसाद बनाने की तैयारियां सुबह 7 बजे से शुरू हो गई थीं. इसके लिए 40 लोगों की विशेष टीम लगाई गई थी. महोत्सव का मुख्य आकर्षण विशाल कढ़ाई में तैयार की गई पकौड़ी-कढ़ी रही. मंदिर परिसर में प्रसाद तैयार करने के लिए 6 भट्ठियां लगाई गई थीं, जबकि पकौड़ी-कढ़ी बनाने के लिए 6 से 7 लोगों की विशेष टीम ने जिम्मेदारी संभाली.
आयोजन के दौरान 45 क्विंटल पकौड़ी-कढ़ी, 15 क्विंटल पंचमेल सब्जी, 5 क्विंटल बाजरे की खिचड़ी, 5 क्विंटल देशी घी का हलवा और करीब 5 क्विंटल पूरियां तैयार की गईं. कुल 75 क्विंटल प्रसाद तैयार करने में 40 लोगों ने योगदान दिया. दोपहर 12 बजे से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया. आयोजन में करीब 2000 से 2500 श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया.
अन्नकूट महोत्सव भारतीय परंपरा में अन्न, सेवा और समर्पण का प्रतीक माना जाता है. इस दिन भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है. मोती बाजार के हनुमान मंदिर में आयोजित यह विशाल भंडारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा.
–
एमएस/
Skip to content