हिट एंड रन: अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार 24 वर्षीय खुशी भारद्वाज की मौत, चालक फरार

नोएडा, 24 नवंबर . नोएडा में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही का मामला सामने आया है. सेक्टर-168 में फुट ओवरब्रिज के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार 24 वर्षीय युवती की मौत हो गई. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल युवती को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतका की पहचान खुशी भारद्वाज के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.

जानकारी के मुताबिक, खुशी भारद्वाज ग्रेटर नोएडा के ओमिक्रोन सेक्टर में रहती थीं. वह नोएडा के सेक्टर-125 स्थित एक निजी कंपनी में काम करती थीं. रोजाना की तरह वह स्कूटी से अपने घर से ऑफिस जाने के लिए निकली थीं. इसी दौरान जब वह नोएडा के सेक्टर-168 में फुट ओवरब्रिज के पास पहुंचीं, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी तेज थी कि खुशी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस बीच टक्कर मारने वाला वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायल खुशी को तत्काल सेक्टर-128 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

अस्पताल में डॉक्टरों ने खुशी को मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद एक्सप्रेसवे थाना Police अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की. Police ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, मृतका के पति की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

Police अब हादसे को अंजाम देकर फरार हुए वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है. इसके लिए घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे cctv कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. Police यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किस वाहन ने खुशी की स्कूटी को टक्कर मारी और हादसे के बाद वह किस दिशा में फरार हुआ. फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान कर आरोपी चालक तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.

–

पीकेटी/डीकेपी