उदयपुर। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने धातु खरीद-बिक्री के क्षेत्र में डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के साथ बड़ा बदलाव दर्ज किया है। कंपनी के डिजिटल प्लेटफॉर्म वेदांता मेटल बाजार ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में लेनदेन मूल्य के आधार पर 50 प्रतिशत से अधिक की सालाना वृद्धि हासिल की है। इससे स्पष्ट है कि उद्योग अब पारंपरिक खरीद प्रक्रिया से हटकर तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ रहे हैं।

देश की सबसे बड़ी एकीकृत जिंक उत्पादक कंपनी हिंदुस्तान जिंक का यह डिजिटल प्लेटफॉर्म ग्राहकों के लिए धातुओं की खोज, मूल्य जानकारी और खरीद प्रक्रिया को पहले से अधिक आसान और पारदर्शी बना रहा है। वर्तमान में यह प्लेटफॉर्म 23 राज्यों के 500 से अधिक शहरों में ग्राहकों तक पहुंच चुका है।
इस उपलब्धि पर हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अरमेंदु प्रकाश ने कहा कि भारत के विनिर्माण क्षेत्र की तेज वृद्धि के लिए कच्चे माल की उपलब्धता के साथ खरीद प्रक्रिया का स्मार्ट और प्रभावी होना भी जरूरी है। वेदांता मेटल बाजार के माध्यम से धातु खरीद को सरल, पारदर्शी और सभी के लिए सुलभ बनाया जा रहा है। विशेष रूप से एमएसएमई उद्योगों को इससे काफी लाभ मिल रहा है। डिजिटल तकनीक और विश्वसनीय आपूर्ति क्षमता का यह संयोजन ग्राहकों के लिए व्यवसाय करना आसान बना रहा है और भविष्य के लिए आधुनिक खरीद व्यवस्था तैयार कर रहा है।
साल 2022 में शुरू किया गया वेदांता मेटल बाजार भारत का पहला ऑनलाइन मेटल मार्केटप्लेस है। यह प्लेटफॉर्म ग्राहकों को लाइव कीमतें देखने, ऑर्डर देने और पूरी खरीद प्रक्रिया को डिजिटल रूप से संचालित करने की सुविधा देता है। इसके जरिए खाते का मिलान (Ledger Reconciliation) भी डिजिटल तरीके से किया जा सकता है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में डिजिटल लेनदेन की संख्या में भी 40 प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है।
प्लेटफॉर्म पर उत्पाद चयन, अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ी रियल-टाइम कीमतें, ऑर्डर बुकिंग, भुगतान, बिलिंग, डिस्पैच प्लानिंग और शिपमेंट ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध हैं।
वीएमबी पर उपलब्ध जिंक मूल्य और लेड मूल्य सुविधाएं ग्राहकों को बाजार आधारित पारदर्शी कीमतों की जानकारी देती हैं। इससे एमएसएमई और छोटे खरीदारों को भी प्रतिस्पर्धी कीमतों पर धातु खरीदने में मदद मिलती है। हिंदुस्तान जिंक अपने ग्राहकों को स्पेशल हाई ग्रेड जिंक, हाई ग्रेड जिंक, कम कार्बन वाला ग्रीन जिंक इकोजेन, प्राइम वेस्टर्न जिंक, कंटीन्यूअस गैल्वेनाइजिंग ग्रेड जिंक, हाई ग्रेड जंबो जिंक, एलॉय 3 और एलॉय 5 सहित विभिन्न उत्पाद उपलब्ध कराती है। कंपनी स्पेशल हाई ग्रेड लेड भी प्रदान करती है।
30 से अधिक देशों में ग्राहकों की सेवा देने वाली हिंदुस्तान जिंक अपनी विश्वसनीय आपूर्ति, प्रमाणित गुणवत्ता और पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन के लिए जानी जाती है। कंपनी के उत्पाद EPD सत्यापन, BIS प्रमाणन और यूरोपीय बाजारों के लिए REACH मानकों के अनुरूप हैं।
हिंदुस्तान जिंक लगातार वेदांता मेटल बाजार को नई तकनीकों, लाइव-प्राइसिंग और अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों के लिए बेहतर सुविधाओं के साथ मजबूत बना रही है। कंपनी भविष्य में Artificial Intelligence आधारित सुविधाओं को भी शामिल करने की दिशा में काम कर रही है, ताकि ग्राहकों को और अधिक सरल, तेज और व्यक्तिगत खरीद अनुभव मिल सके। वेदांता मेटल बाजार के माध्यम से हिंदुस्तान जिंक धातु खरीद को अधिक आसान, स्मार्ट और पारदर्शी बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।
Skip to content