हाकिनी मुद्रा: तनाव और चिंता से पाना है छुटकारा, तो रोज करें ये ‘ब्रेन पावर मुद्रा’

New Delhi, 16 नवंबर . आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में मन को शांत और एकाग्र बनाए रखना काफी मुश्किल हो गया है. ऐसे में योग और मुद्राएं शरीर के साथ-साथ दिमाग को भी शांत रखने में मदद कर सकती हैं. इन्हीं में से एक है, ‘हाकिनी मुद्रा’. इसे एकाग्रता और मानसिक संतुलन से जुड़ी मुद्रा माना जाता है.

‘हाकिनी मुद्रा’ योग और ध्यान की एक विशेष हस्त मुद्रा है, जिसका नाम तीसरे नेत्र (आज्ञा चक्र) की देवी ‘हाकिनी’ के नाम पर रखा गया है. इसे ‘मस्तिष्क शक्ति मुद्रा’ या ‘पावर पोज’ भी कहा जाता है. दोनों हाथों की उंगलियों के सिरों को आपस में मिलाया जाता है. इसके नियमित अभ्यास से ध्यान लगाने और मन को स्थिर रखने में मदद मिल सकती है.

India Government के आयुष मंत्रालय ने ‘हाकिनी मुद्रा’ को सरल और महत्वपूर्ण हस्तमुद्रा बताया है, जिसे ‘ब्रेन पावर मुद्रा’ या ‘पावर जेस्चर’ भी कहा जाता है. यह तनाव और घबराहट को कम करता है. जो लोग लगातार चिंतित रहते हैं या डिप्रेशन का सामना कर रहे हैं, उनके लिए यह मुद्रा मानसिक शांति और संतुलन का काम करती है. साथ ही, यह आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद करती है. इसे करने से न केवल व्यक्ति अपने कार्यों के प्रति उत्साहित और प्रेरित महसूस करता है, बल्कि मानसिक स्थिरता और ऊर्जा भी बढ़ती है.

इसके अलावा, हाकिनी मुद्रा नींद की गुणवत्ता को सुधारने में भी मदद करती है. दिनभर की थकान और तनाव के कारण कई लोगों को रात में नींद नहीं आती. इस मुद्रा का अभ्यास शरीर में रक्त संचार बढ़ाता है और ऑक्सीजन का प्रवाह सुधारता है, जिससे नींद गहरी और संतुलित होती है. इसके नियमित अभ्यास से नर्वस सिस्टम, टिश्यू और सेल्स की कार्यक्षमता भी बेहतर होती है. इससे शरीर में ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति दिनभर सक्रिय महसूस करता है.

आयुष मंत्रालय और योग दिशा-निर्देशों के अनुसार, हाकिनी मुद्रा बेहद सुरक्षित और सरल हस्त मुद्रा है, जिसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं होते. उंगलियों के सिरों को आपस में मिलाते समय उन पर ज्यादा जोर या दबाव न दें; उंगलियां केवल हल्की सी एक-दूसरे को छूने वाली स्थिति में होनी चाहिए.

–

एनएस/एएस